एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक की हेल्थ को लेकर आ गया बड़ा अपडेट, डॉक्टरों ने अब ये बताया

लोनी में जानलेवा हमले का शिकार हुए सलीम वास्तिक की हालत में अब तेजी से सुधार हो रहा है.गले की गंभीर चोट के बावजूद उनके अंग ठीक काम कर रहे हैं और वे जल्द बातचीत कर पाएंगे.

गौरव कुमार पांडेय

09 Mar 2026 (अपडेटेड: 09 Mar 2026, 02:24 PM)

follow google news

27 फरवरी को सलीम वास्तिक पर हुए चाकू से हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी थी. गले पर गंभीर चोट होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से डॉक्टरों की कड़ी निगरानी और इलाज का असर दिखने लगा है.आईसीयू में भर्ती सलीम के महत्वपूर्ण अंग अब सामान्य रूप से काम कर रहे हैं जो उनके जल्द ठीक होने का संकेत है.

यह भी पढ़ें...

रिकवरी की राह पर सलीम वास्तिक

डॉक्टरों के अनुसार, सलीम के गले का जख्म काफी गहरा था.लेकिन अब उसमें तेजी से सुधार हो रहा है. उनके किडनी, लिवर और अन्य आंतरिक अंग ठीक से काम कर रहे हैं. एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सलीम की स्थिति अब स्थिर है और उम्मीद है कि वे बहुत जल्द सामान्य बातचीत करने के योग्य हो जाएंगे.

दो हमलावरों का एनकाउंटर

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों को चिन्हित किया. पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो मुख्य बदमाशों को अलग-अलग एनकाउंटर में दबोचा गया है. फिलहाल पुलिस इस हमले के पीछे की गहरी साजिश और अन्य संभावित कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल और सलीम के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस की टीमें न केवल अस्पताल के बाहर तैनात हैं बल्कि उनके परिजनों की सुरक्षा पर भी पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके.

हिंदू संगठनों ने की सलामती की दुआ

दिलचस्प बात यह है कि सलीम वास्तिक की बेहतर सेहत के लिए कई हिंदू संगठनों ने भी आगे आकर प्रार्थना की है. सामाजिक समरसता की यह तस्वीर इस तनावपूर्ण माहौल में सकारात्मक संदेश दे रही है.लोगों का कहना है कि सलीम ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है. इसलिए उनकी सलामती के लिए हर वर्ग दुआ कर रहा है.