कौशांबी में लेखपाल की रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, DM ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मंझनपुर तहसील के भेलखा गांव में तैनात लेखपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Kaushambi Viral Video

Kaushambi Viral Video

अखिलेश कुमार

• 09:09 AM • 01 Mar 2025

follow google news

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मंझनपुर तहसील के भेलखा गांव में तैनात लेखपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में लेखपाल पर एक किसान से धारा 80 के तहत रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर घूस लेने का आरोप है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिला अधिकारी (DM) मधुसूदन हुल्गी ने तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं. 

यह भी पढ़ें...

किसान ने रिकॉर्ड कर लिया वीडियो

वायरल वीडियो में साफ ऐसा दिख रहा है कि पीड़ित किसान अपनी जेब से पैसे निकालकर कागज में लपेटकर लेखपाल को सौंप रहा है. किसान ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है, लेकिन गुरुवार को वायरल होने के बाद इसने सुर्खियां बटोरीं.

प्रशासन का त्वरित एक्शन

वीडियो के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए मामले की गंभीरता को देखा. जिला अधिकारी (DM) मधुसूदन हुल्गी ने इस घटना पर संज्ञान लिया और जांच के आदेश जारी किए. DM ने कहा, "यह मामला मेरे संज्ञान में आया है. नियमानुसार इसकी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी." 

उन्होंने कौशांबी के सभी निवासियों से अपील की कि अगर उनकी कोई फाइल या काम लंबित है, तो वे तुरंत इसकी सूचना दें.  DM ने साफ शब्दों में कहा, 'किसी भी स्तर पर पैसे देने की जरूरत नहीं है. शासन की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत हम पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं.नियमों का पालन करते हुए हर शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी.'