बहन की शादी में कृष्ण कुमार पर राजन चौहान ने किया कुल्हाड़ी से वार, सिर के अंदर तक घुस गया था हथियार

राम बरन चौधरी

25 Feb 2026 (अपडेटेड: 25 Feb 2026, 11:57 AM)

Axe stuck in head: बहराइच के पयागपुर में चचेरी बहन की शादी में भाई कृष्ण कुमार पर दबंग ने कुल्हाड़ी से हमला किया. सिर में गहरे तक धंसी कुल्हाड़ी को बहराइच के डॉक्टर निकाल नहीं सके और युवक को हथियार समेत लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया.

axe stuck in head

axe stuck in head

Google CTA

Axe stuck in head: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक शादी फंक्शन की खुशियों के बीच अचानक कुछ दबंगों ने हमला बोल दिया. ये हमला दुल्हन के चचेरे भाई कृष्ण कुमार के सिर पर किया गया था वो भी कुल्हाड़ी से. हमला इतना जोरदार था कि कुल्हाड़ी कृष्ण कुमार के सिर में धंस गई. इस दौरान कृष्ण कुमार खून से लथपथ हालत में वहीं गिर गया जिसके बाद परिजनों ने उसे लेकर अस्पताल भागे. लेकिन घायल युवक को सिर में धंसी कुल्हाड़ी के साथ ही लखनऊ रेफर करना पड़ा जहां उसका इलाज चल रहा है.

यह भी पढ़ें...

बारात का स्वागत कर रहा था कृष्ण कुमार तभी हुआ हमला

घटना पयागपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर माफी गांव की है. यहां मुलक राम निषाद की बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं. मुलक राम का भतीजा कृष्ण कुमार और उसका भाई दया शंकर बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे. बारात दरवाजे पर लगने ही वाली थी कि तभी कृष्ण कुमार अपने एक मित्र से हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़ा. इसी बीच गांव का दबंग राजन चौहान पीछे से कुल्हाड़ी लेकर आया और पूरी ताकत से कृष्ण कुमार के सिर के बीचों-बीच वार कर दिया.

सिर में धंस गई कुल्हाड़ी

कुल्हाड़ी का वार इतना जोरदार था कि वह सिर में बुरी तरह फंस गई. खून की फुहारें छूटते ही शादी में नाचते-गाते मेहमानों के बीच भगदड़ मच गई. जो लोग बारात का स्वागत करने वाले थे वे अब कृष्ण कुमार को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाने के लिए दौड़ रहे थे. घर की महिलाएं जो मंगल गीत गा रही थीं उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजन घायल कृष्ण कुमार को लेकर तत्काल स्थानीय सीएचसी पहुंचे जहां से उसे महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया. यहां के डॉक्टरों के सामने एक बड़ी चुनौती थी कुल्हाड़ी को बाहर निकालना जानलेवा साबित हो सकता था. क्योंकि वह मस्तिष्क के अंदर तक घुस गई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने बिना कुल्हाड़ी निकाले ही उस पर पट्टी बांधी और युवक को सिर में धंसी कुल्हाड़ी के साथ ही लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आरोपी राजन चौहान के इस हमले के पीछे क्या रंजिश थी. पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है. फिलहाल बेटी की विदाई की जगह घर का बेटा जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है और पूरा परिवार लखनऊ में दुआएं मांग रहा है.