Nawazuddin Siddiqui News: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपने पैतृक जिले मुजफ्फरनगर में हैं. अपने अभिनय के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाने वाले नवाजुद्दीन इस बार किसी फिल्म या शूटिंग के लिए नहीं, बल्कि निजी कारणों से यहां पहुंचे हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने गांव बुढ़ाना में कृषि भूमि भी खरीदी है. जमीन खरीदने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अभिनेता खुद सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, नवाजुद्दीन कुछ समय अपने गांव में ही बिताने वाले हैं और ईद तक बुढ़ाना में रहने की योजना बना रहे हैं. उनके गांव आने से इलाके में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
बुढ़ाना में खरीदी 55 बीघा कृषि भूमि
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना निवासी नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने हाल ही में अपने गांव में लगभग 55 बीघा कृषि भूमि खरीदी है. जमीन की खरीद को लेकर अभिनेता खुद सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए. जमीन खरीद की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है और लोग इसे अपने क्षेत्र के लिए गर्व की बात मान रहे हैं.
ईद तक गांव में रुकने की संभावना
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नवाजुद्दीन इस बार अपने गांव में कुछ समय बिताना चाहते हैं. बताया जा रहा है कि वे ईद तक बुढ़ाना में ही रुक सकते हैं. गांव में उनके आने से आसपास के लोगों में उत्सुकता है और कई लोग अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए भी उत्साहित नजर आ रहे हैं.
छोटे गांव से निकलकर बॉलीवुड तक का सफर
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे से ताल्लुक रखने वाले नवाजुद्दीन सिद्दीकी आज भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने अभिनय की पढ़ाई नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से की और लंबे संघर्ष के बाद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है. उनकी फिल्में जैसे गैंग्स ऑफ वासेपुर, कहानी और बजरंगी भाईजान ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। वहीं वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स में निभाए गए उनके किरदार को भी दर्शकों ने काफी सराहा है.
संघर्ष से सफलता तक की कहानी
अभिनेता बनने से पहले नवाजुद्दीन ने कई छोटे-मोटे काम किए हैं. कभी उन्होंने चौकीदार की नौकरी की तो कभी केमिस्ट के तौर पर काम किया . लेकिन अभिनय के प्रति उनका जुनून उन्हें लगातार आगे बढ़ाता रहा. छोटे किरदारों से शुरुआत करने वाले इस अभिनेता ने अपनी प्रतिभा के दम पर आज बॉलीवुड में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है.
यह भी पढ़ें: टेलीग्राम के इन 3 चैनल पर दिया जा रहा था UPSI भर्ती के पेपर बेचने का झांसा, मांगी जा रही थी ये रकम
ADVERTISEMENT









