Kaushambi Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. महुआ खाड़ा गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गए 19 साल के शिव प्रसाद को लड़की के परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी और भाले से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के दौरान लहूलुहान हालत में युवक ने अपनी मां को फोन कर जान बचाने की गुहार भी लगाई थी. लेकिन जब तक परिवार मौके पर पहुंचता तब तक बहुत देर हो चुकी थी. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना पाकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
'मम्मी मुझे बचा लो...'आखिरी कॉल और मौत की खौफनाक दास्तान
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव के रहने वाले मृतक शिव प्रसाद की मां कुंती देवी ने रोते हुए वारदात की खौफनाक दास्तान बयां की. मां के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को किसी काम से ₹50,000 लेने के लिए अझुवा चीमी गांव भेजा था. शाम सात बजे तक बेटे से सामान्य बात हुई थी. लेकिन रात के करीब 11:55 बजे अचानक शिव प्रसाद का फोन आया. फोन उठाते ही शिव प्रसाद चीखते हुए बोला 'मम्मी आकर मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे.' मां ने आरोप लगाया कि लड़की के पिता राकेश, उसका बेटा सचिन, दुर्गेश, पत्नी गेंदिया और पिता गुलजार ने मिलकर उनके बेटे को घेरा और कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से उसका पूरा सिर फाड़ दिया.
प्रेमिका से मिलने गया था शिव प्रसाद
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने फौरन घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच में सामने आया कि मृतक शिव प्रसाद का महुआखाड़ा निवासी दूर के रिश्तेदार राकेश लोधी की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग था. गुरुवार की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था जहां परिजनों ने उसे देख लिया और आपा खो बैठे. लड़की के परिवार ने शिव प्रसाद पर जानलेवा हमला बोल दिया. इस दौरान अपनी जान पर खेलकर प्रेमी को बचाने उतरी राकेश लोधी की बेटी को भी हल्की चोटें आई हैं जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इस पूरे मामले पर डीएसपी सदर शिवांक सिंह ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया '10 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6 बजे मृतक के पिता रामबदन लोधी ने थाने आकर सूचना दी कि उनके बेटे शिव प्रसाद के साथ राकेश लोधी और उनके परिवार ने मारपीट की है, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकला है. पिता की लिखित तहरीर के आधार पर मंझनपुर थाने में सुसंगत धाराओंमें मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है.'
आरोपियों की धरपकड़ के लिए बनीं 3 टीमें
डीएसपी सदर ने आगे बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के सफल अनावरण और नामजद अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और मुख्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. इस वारदात के बाद से दोनों गांवों में तनाव का माहौल है जिसके मद्देनजर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT











