Sadhvi Prachi Arya Statement: सोशल मीडिया पर वायरल गर्ल के नाम से चर्चित मोनालिसा और उनके पति फरमान की शादी को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है. बागपत में हिंदूवादी नेत्री साध्वी प्राची आर्या ने इस विवाह को लेकर कई तीखे और विवादित बयान दिए हैं. उन्होंने इस रिश्ते को लव जिहाद से जोड़ते हुए गंभीर आशंकाएं जताईं और कहा कि आने वाले समय में इस शादी के पीछे छिपे सच सामने आ सकते हैं. अपने बयान में उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा के साथ धोखा हो सकता है और यह रिश्ता लंबे समय तक टिकने वाला नहीं है. इतना ही नहीं, उन्होंने हिंदू परिवारों को बच्चों की सुरक्षा और संस्कारों को लेकर भी कई सलाहें दे दीं हैं. उनके बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा और विवाद का विषय बन गया है.
ADVERTISEMENT
मोनालिसा के साथ बड़ा धोखा हो सकता है
बागपत में मीडिया से बातचीत करते हुए साध्वी प्राची आर्या ने कहा कि मोनालिसा के साथ आने वाले समय में बड़ा धोखा हो सकता है. उन्होंने दावा किया कि अभी जब तक मोनालिसा फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रही हैं और उनकी कमाई हो रही है तब तक सब कुछ सामान्य दिखाई देगा. लेकिन जब उनका करियर कमजोर होगा तब हालात बदल सकते हैं .
साध्वी प्राची आर्या ने बेहद विवादित अंदाज में कहा कि ऐसे मामलों में अक्सर बाद में गंभीर घटनाएं सामने आती हैं. उन्होंने बेहद विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि या तो ये 35 टुकड़ों में फ्रिज में बंद होके आएगी या फिर निकिता की तरह से आएगी.उन्होंने आशंका जताई कि कहीं यह मामला भी पहले हुई कुछ चर्चित घटनाओं की तरह दुखद अंजाम तक न पहुंच जाए.
लव जिहाद एक बड़ी साजिश
अपने बयान में साध्वी प्राची आर्या ने इस शादी को लव जिहाद से जोड़ते हुए कहा कि भारत में इस तरह की साजिशें चल रही हैं और कई बार ऐसे रिश्तों के पीछे योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाता है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर फरमान को मोनालिसा से सच्चा प्यार था तो वह हिंदू धर्म अपनाकर शादी क्यों नहीं करते. उनके मुताबिक अगर वह हिंदू बनकर शादी करते तो समाज उन्हें स्वीकार कर लेता और उनका स्वागत भी करता.
उन्होंने यह भी कहा कि फरमान ने हिंदू लड़की से ही शादी क्यों की जबकि उनके समुदाय में या आसपास मुस्लिम लड़कियां भी मौजूद हो सकती थीं. उनके अनुसार यह पूरी घटना सोच-समझकर किया गया कदम हो सकता है.
मोनालिसा मासूम है, उसे लव जिहाद की जानकारी नहीं
साध्वी प्राची आर्या ने मोनालिसा को मीडिया की बेटी बताते हुए कहा कि वह एक साधारण और मासूम लड़की हैं. उनके मुताबिक मोनालिसा पहले माला बेचने का काम करती थीं और कुंभ मेले से उनकी पहचान बनी. उन्होंने कहा कि अचानक मिली पहचान और बड़े सपनों के कारण मोनालिसा को शायद यह समझ नहीं है कि लव जिहाद क्या होता है. साध्वी प्राची आर्या के अनुसार उन्हें यह भी जानकारी नहीं होगी कि मदरसों में किस प्रकार की शिक्षा या प्रशिक्षण दिया जाता है. उनका कहना था कि कुछ साल बाद सच्चाई सामने आ सकती है और तब लोगों को इस रिश्ते की वास्तविकता समझ में आएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि अब कुछ लोग इस पूरे मामले को प्रोपेगेंडा बताकर बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि यह लव जिहाद नहीं है. लेकिन उनके मुताबिक यह तर्क पूरी तरह से स्वीकार्य नहीं है और आने वाले समय में कई बातें सामने आ सकती हैं.
अन्य मामलों का दिया उदाहरण
अपने बयान के दौरान साध्वी प्राची आर्या ने कुछ अन्य उदाहरणों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कई बार पढ़ी-लिखी और सफल महिलाएं भी ऐसे रिश्तों में पड़ जाती हैं और बाद में मुश्किलों का सामना करती हैं. उन्होंने कहा कि कई मामलों में महिलाएं कुछ वर्षों बाद अपने बच्चों के साथ वापस लौट आती हैं और तब उन्हें अपनी गलती का एहसास होता है. उनका कहना था कि समाज को ऐसे मामलों से सीख लेने की जरूरत है.
हिंदू परिवारों से बच्चों के लिए खास अपील
साध्वी प्राची आर्या ने हिंदू परिवारों से बच्चों में साहस और संस्कार विकसित करने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि पहले के समय में दादी-नानी छोटे बच्चों को तगड़ी पहनाया करती थीं. इस तगड़ी में सुअर का दांत लगाया जाता था, जिसे कभी-कभी सोने या चांदी में जड़कर बच्चों के गले या कमर में पहनाया जाता था. उनका कहना था कि समय के साथ यह परपरा खत्म होती जा रही है, जबकि पहले इसे बच्चों को मजबूत और निडर बनाने का प्रतीक माना जाता था. उन्होंने माता-पिता से कहा कि बच्चों को तिलक लगाना, यज्ञोपवीत धारण कराना और वीर योद्धाओं की कहानियां सुनाना जरूरी है ताकि उनमें अपने धर्म और संस्कृति के प्रति गर्व की भावना पैदा हो सके.
बयान के बाद तेज हुई बहस
साध्वी प्राची आर्या के इस बयान के बाद मोनालिसा और फरमान की शादी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर भी उनके बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे भड़काऊ और विवादित बयान बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन भी कर रहे हैं. फिलहाल यह मामला बहस और विवाद के केंद्र में है और लोग आने वाले समय में इस पर होने वाली प्रतिक्रियाओं और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT









