माना ने पहले 4 साल की इशारा को मारा फिर भाभी फिरदौस की निकाल डाली आंत, कातिल बुआ की प्रेम वाली कहानी सुन पुलिस भी हैरान

Katil Bua Mana: मुजफ्फरनगर के शाहपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक ननंद ने रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया. आरोपी युवती माना ने अपनी भाभी फिरदौस पर चाकू से जानलेवा हमला किया और 4 साल की मासूम भतीजी को पानी की टंकी में फेंक कर मार डाला.

Katil Bua Mana

संदीप सैनी

• 09:42 AM • 18 Feb 2026

follow google news

Katil Bua Mana: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक खौफनाक घटना सामने आई है. शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकला गांव में सोमवार की रात माना नाम की एक युवती ने अपनी भाभी फिरदौस के पेट में चाकू से कई वार कर दिए जिससे महिला की आंते बाहर आ गईं. इस दौरान कातिल बुआ माना ने अपनी भतीजी इशारा को भी पानी की टंकी में जिंदा फेंक दिया जिसमें डूबकर बच्ची की मौत हो गई. लेकिन माना ने ये सब क्यों किया? आखिर उसकी अपनी ही भाभी फिरदौस से ऐसी क्या दुश्मनी थी? जब पुलिस ने माना से इस घटना के पीछे की वजह पूछी तो उसने जो बताया उसे सुनकर हर किसी के होश उड़ गए. माना ने भाभी को सिर्फ इसलिए जान से मारने की कोशिश की क्योंकि वह उसके प्रेम में बाधा बन रही थी. माना की शादी उसके घर वाले कहीं और कराने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन वह इस रिश्ते के खिलाफ थी.

यह भी पढ़ें...

खाने में नींद की गोलियां देकर सबको सुला दिया

पुलिस जांच में सामने आया कि कातिल बुआ माना ने एक महीने पहले ही भाभी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली थी. इस घटना से करीब 8 दिन पहले उसने नींद की गोलियां भी मंगवाई थीं. सोमवार की रात उसने परिवार के खाने और चाय में 16 नींद की गोलियां मिला दीं. जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया तो माना ने अपना खौफनाक खेल शुरू किया. सबसे पहले उसने अपनी 4 साल की भतीजी इशारा को उठाया और घर के अंदर ही पानी के टैंक में जिंदा फेंक कर ढक्कन बंद कर दिया. मासूम की पानी में डूबने से मौत हो गई. इसके बाद उसने गहरी नींद में सो रही अपनी भाभी फिरदौस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. हमला इतना जबरदस्त था कि महिला की आंतें तक बाहर आ गईं. इस दौरान फिरदौस के तीन अन्य बच्चे भी मामूली रूप से घायल हो गए.

पुलिस के सामने कातिल बुआ ने सब कुछ बताया

शोर सुनकर जब ग्रामीण पहुंचे तो खून से लथपथ फिरदौस तड़प रही थी और मासूम इशारा गायब थी. सूचना पर पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जब छानबीन की तो पानी की टंकी में मासूम की लाश तैरती मिली. पुलिस ने जब ननंद माना को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एसएसपी ने बताया कि आरोपी के चेहरे पर अपनी भतीजी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है. वह बस यही कह रही है कि उसकी भाभी प्रेम में बाधा बन रही थी.

पुलिस की कार्रवाई

मुजफ्फरनगर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है. आरोपी युवती माना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने माना को नशे की गोलियां उपलब्ध कराई थीं. साथ ही उसके प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है. घायल फिरदौस का मेरठ में इलाज चल रहा है और वह फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.