Kaushambi Blast: मेरे पति मिल नहीं रहे है, यहीं काम करते थे... रोते हुए उसे ढूंढते-ढूंढते स्पॉट पर पहुंची पत्नी

पंकज श्रीवास्तव

• 03:22 PM • 01 Sep 2026

प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर महमूदपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल गया. धमाके की चपेट में फैक्ट्री के साथ आसपास के कई मकान भी आ गए.

UP Tak
Google CTA

Kaushambi Factory Blast: प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पूरा इलाका दहल गया. धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री के साथ आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर तबाही का खौफनाक मंजर दिखाई दिया.

यह भी पढ़ें...

कहीं मलबे में दबे घर नजर आए तो कहीं अपनों की तलाश में परेशान परिजन. कोई अपने बेटे को ढूंढ रहा था तो कोई अपने पति के बारे में जानकारी लेने के लिए मौके पर पहुंचा. हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग घायल हैं. वहीं, एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है.

पति को तलाशते हुए मौके पर पहुंची महिला

हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची एक महिला अपने पति को तलाशती नजर आई. महिला ने रोते हुए बताया कि उसके पति मिल नहीं रहे हैं और वह इसी फैक्ट्री में काम करते थे.

वहीं, हादसे के एक चश्मदीद ने बताया कि धमाके के बाद मौके पर इतना धुआं था कि कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था. चश्मदीद के मुताबिक, उन्हें आशंका है कि हादसे में नुकसान का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.

11 की मौत, 6 घायल; एक अभी भी लापता

अब तक इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. 6 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, एक व्यक्ति के अभी भी लापता होने की जानकारी सामने आई है.

प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है. राहत और बचाव दल मलबा हटाकर लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं. इसके साथ ही घटनास्थल की जांच की जा रही है.

अवैध तरीके से चल रही थी फैक्ट्री

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, वह अवैध रूप से संचालित की जा रही थी. प्रशासन अब हादसे के कारणों की भी जांच कर रहा है. जांच के बाद ही विस्फोट की पूरी वजह साफ हो सकेगी.

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अवैध तरीके से चल रही इस फैक्ट्री में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और धमाके के पीछे असल वजह क्या थी. प्रशासन की जांच के बाद इन सवालों के जवाब सामने आएंगे.

एक भाई DM और दूसरा DIG... कौशांबी ब्लास्ट के बाद एक ही जगह दिखाई दिए दोनों, कौन हैं IPS अजय पाल और IAS अमित पाल?