उत्तर प्रदेश के बागपत में सुबह की शुरुआत चाय की पहली चुस्की से नहीं बल्कि खून से सनी एक ऐसी खौफनाक वारदात से हुई जिसने पूरे बाजार में सनसनी फैला दी. दुकानें अभी खुल ही रही थीं और लोग अपने कामों में जुट रहे थे कि तभी बीच बाजार एक शख्स को हथौड़े और लोहे की रॉड से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया. हैरान करने वाली बात यह रही कि इस खौफनाक हत्याकांड को किसी खूंखार गैंग या शूटर ने नहीं बल्कि एक आम पति-पत्नी ने मिलकर अंजाम दिया. अब इस हत्या के पीछे अवैध संबंध, अश्लील वीडियो, ब्लैकमेलिंग और उधार के पैसों जैसे कई उलझे हुए एंगल सामने आ रहे हैं जिसकी गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी सनसनीखेज वारदात बागपत के बड़ौद स्थित खत्रीगढ़ इलाके की है. यहां बाजार में राहुल अपनी पत्नी सोनिया के साथ चाय की दुकान चलाता है. ठीक सामने 'विकास इलेक्ट्रिशियन' के नाम से दुकान है जहां शिकोपुर गांव का रहने वाला दीपेंद्र काम करता था. दोनों दुकानें आमने-सामने होने के कारण रोज उनका आमना-सामना होता था. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह पड़ोसी रिश्ता एक दिन इस कदर खूनी हो जाएगा.
बीच सड़क हथौड़े और रॉड से ताबड़तोड़ वार
घटना की सुबह करीब 8:30 बजे बाजार खुलते ही राहुल और दीपेंद्र के बीच कहासुनी शुरू हुई. बात धक्का-मुक्की तक पहुंची और इसी बीच राहुल की पत्नी सोनिया भी वहां आ धमकी. दोनों पति-पत्नी ने मिलकर दीपेंद्र को जमीन पर पटक दिया. इसके बाद एक ने लोहे की रॉड उठाई और दूसरे ने हथौड़ा और दीपेंद्र पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. बीच बाजार हो रहे इस खौफनाक हमले को देखकर आसपास के लोग सहम गए और डर के मारे कोई बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान दीपेंद्र को अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
थ्योरी 1: अश्लील वीडियो, ब्लैकमेलिंग और खौफनाक बदला
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जो कहानी सामने आई वह अवैध संबंधों और ब्लैकमेलिंग की ओर इशारा करती है. आमने-सामने दुकान होने के कारण सोनिया और दीपेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं. दावा किया जा रहा है कि दीपेंद्र ने सोनिया का एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और उसी के दम पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. परेशान होकर सोनिया ने यह पूरी बात अपने पति राहुल को बताई जिसके बाद दोनों के बीच तनाव गहराता गया और सुबह दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला.
थ्योरी 2: अवैध संबंध नहीं, पैसों के लेनदेन में हुआ कत्ल!
मामला तब और उलझ गया जब मृतक दीपेंद्र के भाई सत्येंद्र ने पुलिस की इस थ्योरी को नकारते हुए एक नया दावा किया. सत्येंद्र के मुताबिक, दीपेंद्र ने राहुल और उसकी पत्नी को कुछ पैसे उधार दिए थे. घटना वाले दिन दीपेंद्र अपने ही दिए हुए पैसों का तकादा करने दुकान पर गया था. भाई का आरोप है कि उधार मांगने पर आरोपी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकियां दे रहे थे और जब उसने पैसे मांगे तो हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई. मृतक अपने पीछे 12-13 साल का बेटा और 4-5 साल की बेटी छोड़ गया है.
पुलिस की कार्रवाई और अनसुलझे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल और उसकी पत्नी सोनिया को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बताया कि 'सुबह लगभग 8:30 बजे बड़ौद पुलिस को खत्रीगढ़ क्षेत्र में हत्या की सूचना मिली थी. मृतक की पहचान शिकोपुर निवासी दीपेंद्र के रूप में हुई है जो किराए की दुकान पर काम करता था. पड़ोसी दुकानदार राहुल के साथ उसका विवाद चल रहा था. प्रथम दृष्टया पति-पत्नी द्वारा हत्या की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं और साक्ष्यों को बारीकी से एकत्र कर कानूनी कार्रवाई कर रही है.'
फिलहाल चाय की दुकान से शुरू हुई यह रंजिश एक परिवार का सहारा छीन चुकी है और पति-पत्नी को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है. हत्या की असली वजह ब्लैकमेलिंग का डर थी या उधार के पैसों का विवाद, यह तो पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा.
ये भी पढ़ें: ओम प्रकाश राजभर का कौन-सा फोटो वायरल होने पर हुआ बवाल? बुरी तरह भड़के नेता जी
ADVERTISEMENT











