'अकेली हो तो घर बुलाना', हापुड़ में 12वीं की स्टूडेंट के साथ इकोनॉमिक्स लेक्चरर ने की अश्लील बातें!

देवेंद्र शर्मा

08 Jul 2026 (अपडेटेड: 08 Jul 2026, 06:40 PM)

Hapur Crime News: यूपी के हापुड़ में 12वीं की एक छात्रा ने एक इकोनॉमिक्स लेक्चरर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा के आरोप के मुताबिक, लेक्चरर उसे अकेला पाकर अश्लील बातें करता था. वहीं इसका विरोध करने पर उसे फेल करने की धमकी देता था.

Hapur News:सांकेतिक तस्वीर

Hapur News:सांकेतिक तस्वीर

Google CTA

Hapur Crime News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इंटर कॉलेज में इकोनॉमिक्स पढ़ाने वाले शिक्षक पर 12वीं की छात्रा ने बेहद गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाए हैं. छात्रा का आरोप है कि शिक्षक उसे अकेला पाकर कहते थे कि 'मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं... आओ गले लगो, तुम्हें मेरी शक्ति मिलेगी... घर में अकेली हो तो बुलाना.' जब छात्रा ने इस गंदी हरकत का विरोध किया तो उसे परीक्षा में फेल करने और जान से मारने की धमकी तक दी गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. 

यह भी पढ़ें...

क्लास के अंदर और बाहर अश्लील बातें

यह सनसनीखेज मामला हापुड़ शहर के एक इंटर कॉलेज का है. आरोपी शिक्षक इसी कॉलेज में अर्थशास्त्र के लेक्चरर हैं. पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि आरोपी शिक्षक काफी समय से उस पर अनुचित और अनैतिक दबाव बना रहे थे. वे अक्सर क्लास के भीतर और बाहर उससे अभद्र बातें करते थे. छात्रा जब भी इसका विरोध करती तो शिक्षक उसे परीक्षा में फेल करने और उसका पूरा शैक्षणिक करियर बर्बाद करने की धमकियां देते थे.

सिर्फ व्हाट्सएप पर करता था कॉल

आरोपी शिक्षक कितना शातिर था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह अपनी इस काली करतूत का कोई सबूत नहीं छोड़ना चाहता था. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी शिक्षक उसे कभी भी सामान्य फोन कॉल नहीं करता था. वह बातचीत के लिए हमेशा व्हाट्सएप कॉल का सहारा लेता था ताकि कॉल रिकॉर्ड न हो सके. इतना ही नहीं आरोपी ने छात्रा को यह डर भी दिखाया था कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार डालेगा.

7 अन्य छात्राएं भी थीं टीचर से परेशान

इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पीड़िता ने दावा किया है कि कॉलेज की सिर्फ वही अकेली शिकार नहीं थी बल्कि कम से कम सात अन्य छात्राएं भी इस शिक्षक के इस घटिया और प्रताड़ित करने वाले व्यवहार से बेहद परेशान थीं.लेकिन लोक-लाज, बदनामी और अपना भविष्य खराब होने के डर से वे कभी सामने नहीं आ सकीं और चुपचाप इस मानसिक प्रताड़ना को सहती रहीं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ की सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि पीड़ित छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है.