बारिश हुई तेज, धंस गई सड़क और उसमें समा गई टाटा पंच, गाजियाबाद की ये तस्वीर आग की तरह फैली!

मयंक गौड़

• 02:21 PM • 09 Jul 2026

Ghaziabad Rain: गाजियाबाद के वसुंधरा में मूसलाधार बारिश के बीच सड़क धंसने से टाटा पंच कार और स्कूटी गहरे गड्ढे में समा गईं. हादसे का वीडियो वायरल है, जबकि स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

Ghaziabad Rain

Ghaziabad Rain

Google CTA

Ghaziabad Rain: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है. गाजियाबाद के पॉश इलाके वसुंधरा के अटल चौक के पास आज सुबह एक बेहद खौफनाक हादसा देखने को मिला. लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गहरे गड्ढे में धंस गया. इस कटाव की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक टाटा पंच कार और एक स्कूटी सीधे मलबे के साथ नीचे खाईनुमा गड्ढे में समा गए. इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पानी के तेज बहाव के कारण मिट्टी का कटना अब भी जारी है और पास ही लगा बिजली का पोल भी हवा में लटक गया है. ऐसे में एक बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी हुई है.

यह भी पढ़ें...

बिल्डिंग निर्माण के कारण खिसकी मिट्टी

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के ठीक बगल में एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था जिसके लिए गहरा बेसमेंट खोदा गया था. भारी बारिश के चलते निर्माणाधीन साइट की सुरक्षा दीवार और मिट्टी अचानक से नीचे खिसक गई जिसने मुख्य सड़क को भी अपनी चपेट में ले लिया. राहत की बात यह रही कि जब यह हादसा हुआ उस समय कार और स्कूटी के अंदर कोई मौजूद नहीं था जिससे एक बड़ा नुकसान होने से टल गया.

वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि टाटा पंच कार और उसके बगल में एक स्कूटी मलबे के साथ बुरी तरह नीचे धंस चुकी हैं. पानी के लगातार रिसाव के कारण सड़क का बाकी हिस्सा भी धीरे-धीरे नीचे गिर रहा है. वीडियो में लोग एक-दूसरे को सचेत करते हुए कह रहे हैं 'नीचे से पूरी मिट्टी कट चुकी है, आगे मत जाना, रोड कभी भी पूरी खत्म हो सकती है.' वहीं भारी भरकम हाई-टेंशन बिजली का पोल भी सिर्फ तारों के सहारे हवा में झूल रहा है जिससे इलाके में करंट फैलने का खतरा मंडरा रहा है.

प्रशासन की कार्यशैली पर खड़े हुए गंभीर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी बिल्डिंग का निर्माण हो रहा था. लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे. पहली ही तेज बारिश ने ड्रेनेज और निर्माण सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर दी है ताकि कोई राहगीर इसकी चपेट में न आए. प्रशासन द्वारा क्रेन की मदद से वाहनों को बाहर निकालने और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो चर्चा में बना हुआ है.