गाजियाबाद में बकरीद पर सूर्या चौहान की हुई थी बेरहमी से हत्या… 50000 का इनामी आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

यूपी तक

31 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Surya Chauhan Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है.

ghaziabad teen murder, surya murder video, cctv murder footage, teenage boy killing, group stabbing attack, ghaziabad crime update

सूर्या चौहान, मृतक (फाइल फोटो)

Google CTA

Ghaziabad Asad Police Encounter News: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है. पुलिस के अनुसार असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह अपने साथियों से पैसे लेकर कहीं बाहर भागने की तैयारी में था. इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की सूचना मिली, जिसके बाद चेकिंग अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई. पुलिस का दावा है कि असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया. बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र में सूर्या चौहान की हत्या के बाद से असद फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी. इसी बीच सूचना मिली कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने और पैसे लेने के लिए वसुंधरा की ओर आने वाला है. सूचना के आधार पर एसीपी इंदिरापुरम के नेतृत्व में खोड़ा और इंदिरापुरम थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया.

फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़

पुलिस ने जब बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की तो असद और उसका साथी भागने लगे. पुलिस के अनुसार इसी दौरान असद ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें असद घायल हो गया. उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने घटनास्थल से असद की बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. घायल अवस्था में असद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सूर्या चौहान हत्याकांड से जुड़ा था मामला

गौरतलब है कि खोड़ा में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया था. पुलिस जांच में असद को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना गया था. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया था कि कुछ दिन पहले बाइक चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. बाद में 28 मई को विवाद बढ़ गया और इसी दौरान असद ने कथित तौर पर सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि सूर्या हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. सूर्या चौहान की हत्या और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.