Ankit Balyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अंकित बालियान की हत्या के मामले में दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद उनके पिता सतवीर सिंह ने यूपी Tak से बातचीत में कहा है कि उन्हें अभी पूरा इंसाफ नहीं मिला है. सतवीर सिंह ने कहा, 'हमारा तो यही कहना है कि हमें आधा इंसाफ मिल गया, आधा और मिलना चाहिए. अब हमें उम्मीद है कि पुलिस कर देगी. सीएम योगी को बड़ी-बड़ी बधाई हो कि उन्होंने हमारा इंसाफ किया, लेकिन आधा किया है.' अंकित के पिता के इस बयान के बाद साफ है कि वह बेटे की हत्या के मामले में पूरी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
दरअसल, उत्तर प्रदेश के शामली जिले में 32 वर्षीय अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने बड़ी कार्रवाई की है. संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो प्रमुख शूटरों को मार गिराया. मारे गए शूटर्स की पहचान मोहित और सुमित के तौर पर हुई है.
अंकित की हत्या से पहले हुई थी रेकी
अंकित बालियान हत्याकांड में एनकाउंटर में मारे गए शूटर मोहित और सुमित ने 20 और 21 अगस्त को अंकित की रेकी की थी. दोनों की तस्वीरें शामली के सूर्या होटल के CCTV फुटेज में कैद हुई थीं. जानकारी के मुताबिक मोहित और सुमित 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे. होटल में रुकने के दौरान दोनों ने 20 और 21 अगस्त को अंकित के मूवमेंट की रेकी की.
होटल के CCTV में कैद हुए थे दोनों शूटर
अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े इस मामले में सामने आए CCTV फुटेज में मोहित और सुमित दिखाई दे रहे हैं. ये फुटेज शामली के सूर्या होटल के बताए जा रहे हैं, जहां दोनों 20 अगस्त को रुके थे.
ADG ने एनकाउंटर के बाद क्या कहा?
एनकाउंटर के बाद यूपी के ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि गोगी गैंग से जुड़े दो शूटर्स को शामली पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. उन्होंने कहा कि दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे. अमिताभ यश ने कहा, 'योगी सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस है, इस पॉलिसी को टेस्ट करने की कोशिश न करे कोई.'
ADVERTISEMENT











