Chitrakoot Flood: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं. मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है. नदी ने 23 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. बाढ़ का पानी रामघाट समेत मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े कई इलाकों में भर गया है. बाढ़ के कहर से चित्रकूट में दुकानों, मंदिरों और मठों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालकर सेफ जगह पर ले जाया जा रहा है. राहत-बचाव के काम के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी मुस्तैदी से काम कर रही हैं.
नदी ने तोड़ा 23 साल का रिकॉर्ड
चित्रकूट और पड़ोसी मध्य प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान (126 सेंटीमीटर) को पार करके 134.02 सेंटीमीटर तक पहुंच चुका है. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया, इससे पहले मंदाकिनी नदी का जलस्तर साल 2003 में 134 सेंटीमीटर दर्ज किया गया था. इस तरह नदी ने 23 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
दुकानों और मंदिरों में भरा पानी
नदी का पानी रामघाट और मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े कई इलाकों में घुस गया है. दुकानों, मठों और मंदिरों में पानी भर जाने से कई लोग घरों की छतों पर शरण लेने को मजबूर हो रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सड़कों पर नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
बाढ़ के पानी में बहा पुल
रामघाट से हनुमानधारा के बीच का रास्ता भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है. तेज बहाव के कारण यहां एक पुल के बह जाने की भी जानकारी सामने आई है. इसके अलावा तारौंहा, गोबरिया और बहादुर समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है. प्रशासन ने लोगों से घाटों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है.
राहत-बचाव के लिए टीमें हुई तैनात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत-बचाव के कामों में बिल्कुल भी ढील नहीं बरतने का आदेश दिया है. जिसके बाद फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान को तेज कर दिया गया है. बाढ़ के कारण जो इलाके प्रभावित हुए हैं, वहां एनडीआरएफ (NDRF) की चार, एसडीआरएफ (SDRF) की चार और पीएसी (PAC) की दो टीमें राहत बचाव के कामों में जुटी हैं. इसके साथ ही जो लोग अपने घरों से विस्थापित हुए हैं. उनके के लिए खाने और रहने की भी व्यवस्था की गई है.
सीएम योगी ने लिया हवाई जायजा
मंदाकिनी पुल के ऊपर पानी आ जाने से झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे 35 पर यातायात को भी रोक दिया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चित्रकूट में बाढ़ के हालात की समीक्षा की है और बलिया का हवाई सर्वे भी किया है. सरकार के मुताबिक, भारी बारिश से यूपी के 26 जिले, 251 गांव और 1.71 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं.
यह भी पढ़ें: 2013 बैच की यूपी काडर की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी नौकरी से दिया इस्तीफा
ADVERTISEMENT











