80 साल की बूढ़ी मां पर चढ़ गया बेटा और पीटने लगा... फिर बुजुर्ग पिता ने उसके साथ जो किया वो सुन हर कोई दहल गया

Mahoba Crime: महोबा में 85 वर्षीय पिता ने कथित तौर पर अपने इकलौते बेटे की लाठी मारकर हत्या कर दी. परिवार का आरोप है कि बेटा शराब के नशे में रोजाना बुजुर्ग माता-पिता से मारपीट करता था. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया.

Mahoba News

Mahoba News, mahob crime,

नाहिद अंसारी

• 07:03 PM • 06 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे. यहां 85 साल के एक बुजुर्ग पिता ने नन्हे भाई अपने इकलौते बेटे भगवत की हत्या कर दी. आखिर इस उम्र में एक पिता अपने ही इकलौते बेटे की हत्या कैसे कर सकता है. ये सवाल हर किसी को परेशान कर रहा है. लेकिन इसकी पीछे की जो कहानी निकलकर सामने आई है वो और भी हैरान करने वाली है. 

यह भी पढ़ें...

बुढ़ापे का सहारा नहीं काल बन चुका था इकलौता बेटा

कहानी महोबा के आनंदपुरा बडेरा गांव की है जहां 85 साल के बुजुर्ग दंपति नन्हे भाई और उनकी पत्नी रंभी अपने 36 साल के इकलौते बेटे भगवत के साथ रहते थे. बुजुर्ग माता-पिता ने सोचा था कि इकलौती औलाद बुढ़ापे में उनकी सेवा करेगी. लेकिन हकीकत इसके उलट थी. बूढ़ी मां रंभी के मुताबिक, भगवत को शराब की लत थी. वह हर रोज शराब के नशे में धुत होकर घर आता था और अपने लाचार माता-पिता के साथ गंदी-गंदी गालियां बकते हुए बेरहमी से मारपीट करता था.

4 जून की शाम बेटे ने कर दी हद पार

आरोप के मुताबिक, 4 जून की शाम को भी भगवत हमेशा की तरह शराब के नशे में एकदम धुत होकर घर पहुंचा और घर में क्लेश शुरू कर दिया. देखते ही देखते वह अपनी 80 साल की बूढ़ी मां के ऊपर चढ़ गया और उन्हें बेरहमी से पीटने लगा. जब 85 साल के बुजुर्ग पिता नन्हे भाई बीच-बचाव करने आए तो वह उन पर भी टूट पड़ा. बरसों की बेबसी, रोज-रोज का टॉर्चर और अपनी पत्नी को पिटता देख बुजुर्ग पिता के सब्र का बांध टूट गया. कांपते हाथों से उन्होंने लाठी उठाई और बेटे के सिर पर दे मारी.

पड़ोसियों ने बुलाई एम्बुलेंस लेकिन नहीं बची जान

झगड़े और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आस-पास के पड़ोसी मौके पर दौड़े. एक पड़ोसी ने बताया कि 'बाप-बेटे का झगड़ा हुआ था जिसमें बाप ने डंडा और पत्थर मार दिया था. हमें जैसे ही सूचना मिली हम भंडारा छोड़कर तुरंत मौके पर आए. हमने वहीं से 112 नंबर पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया. घायल भगवत को तत्काल बेलाताल सरकारी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.'

पत्नी की तहरीर पर पति गिरफ्तार

इस दर्दनाक वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. महोबा पुलिस के मुताबिक 'मृतक भगवत शराब पीकर अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था. जब पिता नन्हे भाई ने रोका तो वह उनसे भी उलझ गया. इसी से क्षुब्ध होकर पिता ने लाठी से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई. इस मामले में मृतक की मां (आरोपी की पत्नी) की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता नन्हे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है.'