Mirzapur News: अपना दल कमेरावादी ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं ने डीजल-पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, किसानों की समस्याओं, खाद की कालाबाजारी, सिंचाई संकट तथा स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा.
ADVERTISEMENT
धरने को संबोधित करते हुए अपना दल कमेरावादी किसान मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष रमाशंकर पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार किसान और मजदूर हितों की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि किसान खाद, पानी और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि फार्मर रजिस्ट्री के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है. उन्होंने मांग की कि किसानों की सुविधा के लिए गांव-गांव फार्मर रजिस्ट्री शिविर लगाए जाएं और खाद की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि डीजल और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से आम लोगों और वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ रही हैं. इसके साथ ही किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने तथा जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की गई.
धरना-प्रदर्शन के दौरान मझवां विकासखंड के जमुआं बाजार में जलभराव की समस्या, कछवां से मिर्जापुर जिला मुख्यालय तक सरकारी बस सेवा शुरू करने तथा मड़िहान क्षेत्र में प्रस्तावित अडानी कंपनी के थर्मल पावर प्लांट से होने वाले संभावित प्रदूषण और सिंचाई संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. नेताओं ने आरोप लगाया कि लोवर खजुरी डैम से पानी उठाए जाने के कारण किसानों को सिंचाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. साथ ही कंपनी में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत स्थायी रोजगार देने की भी मांग की.
प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की. इस दौरान रमाशंकर पटेल, सुरेश पटेल, सुरजीत पटेल, गिरजा शंकर, राधारमण सिंह, संतोष पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











