Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर से प्यार और धोखे की एक बेहद खौफनाक कहानी सामने आई है. यहाँ एक पत्नी ने, जिसने कभी कलाई पर अपने पति के नाम का टैटू बनवाया था, अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी है. इस हत्या को अंजाम देने के लिए इंटरनेट की मदद ली गई और एक जहरीले सांप का इस्तेमाल किया गया था. पुलिस ने शक के आधार पर जब जांच शुरू की, तो इस पूरी मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
इंटरनेट पर रची खौफनाक साजिश
यह पूरी सनसनीखेज घटना मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की है. ग्राम भंडोरा के रहने वाले 35 साल के अतुल पवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ मिलकर हस्तिनापुर के रामलीला मैदान में 'कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल' चलाते थे. दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था. वक्त बदलने के साथ दामिनी अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के प्यार में पड़ गई. इसके बाद दामिनी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए गूगल पर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों के बारे में खोजना शुरू किया. उसे जब 'करैत सांप' के खतरनाक जहर के बारे में पता चला, तो उसने इसे ही अपना हथियार बनाया. प्रेमी तुषार ने इंटरनेट से सांप की फोटो डाउनलोड की और सपेरों को दिखाकर ठीक वैसा ही सांप मंगवाया. इस काम के लिए सपेरों को 15,000 रुपये एडवांस दिए गए और वे 7 दिन की तलाश के बाद करैत सांप पकड़ कर ले आए. शुक्रवार की सुबह इस सांप से कटवाकर अतुल की हत्या कर दी गई.
हत्या के दो मुख्य कारण
पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे दो मुख्य वजह थीं. पहली वजह दामिनी और स्कूल के ड्राइवर तुषार के बीच का अवैध प्रेम संबंध था. दूसरी वजह अतुल के नाम पर ली गई 20 लाख रुपये की भारी-भरकम बीमा राशि थी. दामिनी और तुषार इस बीमा राशि को हड़पकर एक साथ अपनी आगे की जिंदगी बिताना चाहते थे. उन्होंने साजिश के तहत यह भी तय किया था कि बीमा के पैसों में से 5 लाख रुपये सांप का इंतजाम करने वाले सोनू और उदय नाम के दो लोगों को दिए जाएंगे. बाकी के 15 लाख रुपये दामिनी और तुषार अपने पास रखने वाले थे.
पुलिस जांच में खुला बड़ा राज
शुक्रवार की सुबह दामिनी ने अचानक चीखते-चिल्लाते हुए ग्रामीणों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है. अतुल को तुरंत सीएचसी हस्तिनापुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घर में अतुल के बिस्तर से एक करैत सांप भी बरामद हुआ था. पहली नजर में यह मामला सामान्य दिख रहा था, लेकिन पुलिस को घटना स्थल की परिस्थितियां और सांप का व्यवहार संदिग्ध लगा. पुलिस ने दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली, तो पता चला कि वह ड्राइवर तुषार के साथ लगातार संपर्क में थी. तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने पूरा सच उगल दिया. पुलिस को यह भी पता चला कि 20 दिन पहले भी आरोपियों ने अतुल को एक अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब हेलमेट पहनने की वजह से अतुल की जान बच गई थी. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीरें भी बरामद की हैं.
ADVERTISEMENT










