Meerut Murder Case: मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. पुलिस ने एक ऐसी मर्डर मिस्ट्री का खुलासा किया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति की हत्या को सांप के काटने से हुई मौत बताने की कोशिश की. जांच में सामने आया कि कथित तौर पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया.
ADVERTISEMENT
पति की मौत को बताया सांप का हमला
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे. दोनों ने साल 2019 में लव मैरिज की थी. शुक्रवार सुबह दामिनी ने शोर मचाते हुए बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है.
परिजन आनन-फानन में अतुल को हस्तिनापुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस को अतुल के बिस्तर से एक सांप भी मिला.
पुलिस को हुआ शक, सांप की कहानी नहीं लगी सामान्य
शुरुआत में मामला सांप के काटने से हुई मौत का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को शक में डाल दिया. पुलिस के मुताबिक सांप आमतौर पर शर्मीला जीव होता है और उसका इस तरह चादर के अंदर जाकर किसी व्यक्ति को काटना असामान्य था.
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और अतुल की पत्नी दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली. जांच में सामने आया कि दामिनी अपने स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के लगातार संपर्क में थी.
प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये के बीमा ने खोली साजिश की परतें
पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर खुलासा हुआ कि दामिनी और तुषार के बीच प्रेम संबंध थे. पुलिस के अनुसार, दोनों ने अतुल की हत्या कर उसकी 20 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करने की योजना बनाई थी. आरोप है कि इस रकम में से 5 लाख रुपये सांप उपलब्ध कराने वाले लोगों को देने की बात भी तय हुई थी.
पहले भी हत्या की कोशिश का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले अतुल को कार से टक्कर मारकर जान से मारने की कोशिश की थी. हालांकि हेलमेट की वजह से उस समय अतुल की जान बच गई थी. पुलिस के मुताबिक, बाद में पूरी योजना के तहत सांप के जरिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
मोबाइल से मिली सांप की तस्वीर, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ पुलिस के अनुसार, तुषार के मोबाइल से एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली. पूछताछ में कथित तौर पर उसने बताया कि उसने दो सपेरों से सांप खरीदा था. पुलिस ने बरामद सांप को जांच के लिए भेज दिया है. साथ ही मोबाइल और अन्य तकनीकी सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
चंद घंटों में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री
हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने इस मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. मेरठ की इस घटना ने एक बार फिर लोगों को झकझोर दिया है और रिश्तों में बढ़ते अपराध को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT










