Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. दरअसल बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के सफीपुर पट्टी इलाके में एक 23 साल की बहू ने अपने 67 साल के ससुर पर धारदार ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया है. महिला ने ससुर के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से ही हिरासत में ले लिया है. शुरुआती पूछताछ में महिला ने ससुर पर पिछले कई महीनों से छेड़खानी और गलत हरकतें करने का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
ससुर के प्राइवेट पार्ट पर हमला
यह पूरी घटना मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंदेरी रोड स्थित सफीपुर पट्टी इलाके की है. यहां रहने वाली 23 वर्षीय पुत्रवधू सैयदा ने शुक्रवार को अपने 67 वर्षीय ससुर जाकिर पर अचानक धारदार ब्लेड से हमला कर दिया. यह हमला ससुर के प्राइवेट पार्ट पर किया गया था, जिसके कारण जाकिर खून से लथपथ होकर मौके पर ही तड़पने लगा. सूचना मिलते ही पीआरबी और स्थानीय पुलिस तुरंत वहां पहुंची. पुलिस ने आनन-फानन में घायल ससुर को बुढ़ाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है.
छेड़खानी से परेशान थी बहू
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला सैयदा ने बताया कि उसका ससुर जाकिर पिछले कई महीनों से उसके साथ गलत हरकतें और छेड़खानी कर रहा था. महिला का पति शहजाद हरियाणा में किराए पर रिक्शा चलाता है, जिसके कारण वह घर से बाहर रहता था. घर में सैयदा, उसकी दो बेटियां और ससुर जाकिर ही रहते थे. महिला ने अपने बचाव और ससुर को सबक सिखाने के लिए नाखून काटने वाले ब्लेड से यह कदम उठाया था. पड़ोस में रहने वाली महिला नाजरा ने भी बताया कि सैयदा ने इस प्रताड़ना के बारे में पहले भी मोहल्ले के लोगों को बताया था कि उसके साथ गलत हो रहा है, लेकिन उस समय किसी ने उसकी सच्चाई पर ध्यान नहीं दिया था.
पुलिस मामले की कर रही जांच
इस वारदात के बाद पुलिस पूरे मामले की कानूनी तफ्तीश में जुट गई है. मौके पर पहुँचे बुढ़ाना के सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीआरबी के माध्यम से ससुर पर पुत्रवधू द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में अभी परिवार की तरफ से थाने में कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस को जैसे ही आधिकारिक शिकायत मिलेगी, सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी.
ADVERTISEMENT










