Unnao Encounter News: उन्नाव जिले के चर्चित साधु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बाबा मिलनदास की हत्या के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. एक लाख रुपये के इनामी आरोपी की तलाश में जुटी बांगरमऊ थाना पुलिस और उन्नाव एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे ढेर कर दिया. इस दौरान पुलिस टीम पर हुई फायरिंग में एसओजी का एक सिपाही भी घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
ADVERTISEMENT
साधु की चाकू से गोदकर की गई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 9 जून 2026 को बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया था कि मंदिर में साउंड बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद मुख्य आरोपी इजराइल फरार हो गया था, जबकि पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था. इस मामले में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था.
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को सुबह करीब 3:40 बजे बांगरमऊ थाना पुलिस और उन्नाव एसओजी टीम आगरा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 168/2026 में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा.
फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इजराइल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
तमंचा और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक चाकू, एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
ADVERTISEMENT










