Meerut Crime News: मेरठ में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां हनीमून पर दूल्हे द्वारा अपने पूरे परिवार को साथ ले जाना दुल्हन को पसंद नहीं आया. जानकारी के अनुसार, दुल्हन इस बात से नाराज हो गई कि शादी के बाद पति उसे हनीमून पर ले गया, लेकिन वहां सास, ससुर, नंद और देवर सहित पूरा परिवार भी साथ मौजूद था. इसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया और मामला इतना बढ़ गया कि तलाक तक की नौबत आ गई. बाद में यह मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
पत्नी का कहना है कि हनीमून पति-पत्नी के बीच निजी समय होता है. लेकिन परिवार के साथ जाने की वजह से उसे अपने पति के साथ अकेले समय बिताने का मौका ही नहीं मिल पाया.
वहीं परिवार परामर्श केंद्र में इस मामले की सुनवाई चल रही है. बताया जा रहा है कि अब तक तीन बार काउंसलिंग हो चुकी है. पति का कहना है कि वह पूरे परिवार को खुश रखने के लिए सभी को साथ हनीमून पर लेकर गया था और उसे नहीं लगता कि उसने कोई गलती की है. तीन बार काउंसलिंग के बावजूद भी दोनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है और मामला अब तलाक तक पहुंच गया है.
आपको बता दें कि यह मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज निवासी लड़की और दिल्ली के पटेल नगर में रहने वाले लड़के का है. लड़की ग्रेजुएट है, जबकि लड़के ने सिंगापुर से हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की पढ़ाई की है. जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी एक वेबसाइट के जरिए हुई थी. आज भी उनकी काउंसलिंग की गई और दोनों को थोड़ा और समय दिया गया है. यदि इसके बाद भी बात नहीं बनती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










