बाबा राम मिलन दास का हत्यारा 1 लाख का इनामी इसराइल मारा गया... बदमाश ने मुठभेड़ से पहले तड़के 3 बजकर 40 मिनट पर जो किया वो हिला देगा!

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सोमवार तड़के पुलिस और SOG टीम की बदमाश इसराइल से मुठभेड़ हो गई. बाबा मिलन दास हत्याकांड के मुख्य आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया.

Unnao News

Unnao News

सूरज सिंह

• 12:03 PM • 15 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सोमवार तड़के अंधेरे के बीच एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से हुई दनादन फायरिंग में मुख्य आरोपी पुलिस की गोली का शिकार होकर ढेर हो गया. जबकि इस एनकाउंटर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है.

यह भी पढ़ें...

मुखबिर की वो 'गुप्त सूचना' और पुलिस का चक्रव्यूह

इस थ्रिलर की शुरुआत सोमवार तड़के करीब 3 बजकर 40 मिनट पर हुई. उन्नाव पुलिस अधीक्षक (SP) जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हवाई पट्टी के पास सर्विस रोड पर रूटीन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को एक सटीक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि पुजारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल, ताजपुर गांव के अंडरपास के पास ही कहीं छिपा हुआ है.

खबर मिलते ही बांगरमऊ थाने की पुलिस और एसओजी के जवानों ने एक संयुक्त टीम बनाई और बिना वक्त गंवाए मौके पर धावा बोल दिया. पुलिस ने चारों तरफ से जाल बिछाकर आरोपी इसराइल को घेर लिया और उसे सरेंडर करने की आखिरी चेतावनी दी.

सरेंडर के बदले चलाईं गोलियां, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान

पुलिस के मुताबिक, खुद को चारों तरफ से घिरा देख आरोपी इसराइल ने हथियार डालने के बजाय पुलिस टीम पर ही सीधा निशाना साधकर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं. इस दौरान एक सनसनाती हुई गोली एक सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची. लेकिन दूसरी गोली एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया के हाथ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े.

जवाबी फायरिंग में ढेर हुआ हत्यारा, मौके से मिला कट्टा-चाकू

सिपाही को गोली लगते ही पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की तरफ से हुई जवाबी कार्रवाई में आरोपी इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया. चारों तरफ गोलियों की तड़तड़ाहट थमने के बाद खून से लथपथ इसराइल को तुरंत बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ स्थल की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए. वहां से एक .315 बोर का देसी कट्टा, दो खोखे और एक धारदार चाकू बरामद हुआ है.

9 जून की वो खौफनाक रात, जब हुई थी बाबा मिलन दास की हत्या

मारा गया आरोपी इसराइल, संत राम मिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास की खौफनाक हत्या के मामले में वांटेड था. घटना बीते 9 जून की है, जब उन्नाव के बांगरमऊ इलाके में एक निर्माणाधीन मंदिर में अज्ञात हमलावरों ने बाबा दास पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था. इस मर्डर के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया था और आक्रोशित जनता ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन भी किया था.

पुलिस के अनुसार, बाबा दास लंबे समय से बोधेश्वर मंदिर में धार्मिक पूजा-पाठ करते थे. करीब छह महीने पहले ही उन्होंने अपने घर से 200 मीटर दूर एक नए मंदिर का निर्माण शुरू कराया था और अपना ज्यादातर वक्त वहीं बिताते थे. घटना के दिन भी वह मंदिर परिसर में अकेले थे, जिसका फायदा उठाकर उन पर हमला किया गया था. हालांकि, मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र ने बताया था कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था, लेकिन पुलिस इस एनकाउंटर के बाद अब मामले के बाकी कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है.