गुरप्रीत ने अपने ही 6 साल के लड़के की हत्या करवा दी… BF अर्पित के प्यार में मेरठ में मां ने बच्चे को रास्ते से हटाया!

Meerut Crime News: मेरठ में अवैध संबंधों के चलते 6 वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां ने प्रेमी संग मिलकर साजिश रची. डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद.

Meerut Crime News

Meerut Crime News

उस्मान चौधरी

• 11:54 AM • 20 Jun 2026

follow google news

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां अवैध संबंधों के चलते एक गुरप्रीत नाम की महिला ने ही अपने 6 साल के मासूम बेटे की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली. पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक बच्चे की मां को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जांच और डिजिटल साक्ष्यों से साफ हुआ है कि गुरप्रीत ने अपने प्रेमी अर्पित शर्मा के साथ मिलकर इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना था क्योंकि वह मासूम बच्चा उन दोनों के प्रेम संबंधों के बीच में आ रहा था. पुलिस मुख्य हत्यारे प्रेमी को पहले ही जेल भेज चुकी है और अब उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू व कार बरामद कर ली गई है..

यह भी पढ़ें...

दादी की शिकायत के बाद शुरू हुई तफ्तीश

इस मामले की शुरुआत 16 जून 2026 को हुई. बहसूमा थाने में बच्चे की दादी ने आकर एक लिखित तहरीर दी जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर का रहने वाला अर्पित शर्मा उनके 6 साल के पोते को जबरन अपनी वैगनआर कार में बैठाकर ले गया है और उन्हें बच्चे के साथ किसी अनहोनी की पूरी आशंका है. मासूम के अपहरण की इस गंभीर सूचना पर मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन कर दिया.

प्रेमी ने कबूला खौफनाक सच

पुलिस की टीमों ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली तो मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा को पुलिस ने घेराबंदी करके हिरासत में ले लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी अर्पित ने बताया कि उसने 16 जून को ही बच्चे को कार में बैठाया और पास के खेत व हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगलों में ले जाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हस्तिनापुर के जंगल से मासूम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू और वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार भी जब्त कर ली.

चैट्स और वीडियो कॉल ने खोली मां की पोल

इस हत्याकांड में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की. पुलिस को बच्चे की मां गुरप्रीत कौर की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध लग रही थी. जब पुलिस की सर्विलांस टीम ने मां गुरप्रीत कौर और हत्यारे प्रेमी अर्पित शर्मा के मोबाइल खंगाले तो दोनों के बीच की कई आपत्तिजनक चैट्स, वीडियो कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्य रिकवर हुए. पूछताछ में मां ने कबूल किया है कि उसे 16 तारीख को पहले से पता था कि अर्पित उसके बेटे को जान से मारने के लिए ही ले जा रहा है.  दोनों ने मिलकर इस मर्डर की प्लानिंग की थी. साक्ष्यों के आधार पर गुरप्रीत कौर को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

पूरे इलाके में पसरा मातम

एक सगे बेटे की जान लेने के लिए अपनी ही मां द्वारा रची गई इस घिनौनी और क्रूर साजिश ने पूरे मेरठ और आसपास के क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि कोई मां अपने नाजायज ताल्लुकात के लिए इस हद तक गिर सकती है कि अपने जिगर के टुकड़े की मौत का तमाशा देखती रहे.