पुलिस की वर्दी पहनने का सपना और 4 महीने पहले शादी... मेरठ में नितिन नागर की दिनदहाड़ें गोली मारकर हत्या, सामने आ रहा ये एक नाम

उस्मान चौधरी

12 Sep 2026 (अपडेटेड: 12 Sep 2026, 01:19 PM)

मेरठ के हस्तिनापुर में दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे नितिन नागर की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. चार महीने पहले शादी हुई थी और अगले महीने फिजिकल टेस्ट था. तीन दिन पुराने विवाद से हत्या का कनेक्शन सामने आया है.

Meerut Crime News

Meerut Crime News

Google CTA

खाकी की वर्दी पहनने का सपना, महज एक महीने बाद फिजिकल टेस्ट और चार महीने पहले ही सिर पर सजा सेहरा... लेकिन मेरठ के हस्तिनापुर में शुक्रवार की शाम एक खौफनाक मोड़ लेकर आई. थाने से चंद कदम की दूरी पर नितिन नागर रोज की तरह जंबूद्वीप नहर के पास दौड़ लगा रहा था. तभी दो बाइकों पर आए नकाबपोश बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध गोलियों की बौछार कर दी जिसमें युवक की मौत हो गई.  इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

यह भी पढ़ें...

हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर नितिन की किसी से क्या दुश्मनी रही होगी. इस मामले में अभी तब नितिन के दोस्त प्रिंस का सत्य चौधरी उर्फ मिट्ठू नाम के एक शख्स से कुछ दिन पहले हुआ पुराना विवाद सामने आया है. फिलहाल पुलिस हर मामले की जांच कर रही है.

दौड़ते वक्त मारी गई गोली

वारदात शुक्रवार शाम हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के जंबूद्वीप नहर रोड की है. बहसूमा थाना क्षेत्र के माखन नगर निवासी नितिन नागर रोज की तरह शाम को रनिंग के लिए निकला था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नितिन जैसे ही जंबूद्वीप रोड पर पहुंचा पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर नकाबपोश शूटर पहुंचे. बदमाशों ने नितिन को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. कई गोलियां लगने से नितिन वहीं सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए. स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल नितिन को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

4 महीने पहले हुई थी शादी

नितिन की हत्या ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं. नितिन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. करीब 4 महीने पहले ही उसकी शादी प्रिया नाम की युवती से हुई थी. वह दिन-रात दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटा था और आगामी 3 अक्टूबर को उसका फिजिकल टेस्ट होना था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.

3 दिन पुराना झगड़ा

प्रारंभिक जांच में इस सनसनीखेज हत्याकांड का कनेक्शन नितिन के दोस्त प्रिंस से जुड़े एक विवाद से जुड़ता दिख रहा है. बताया जा रहा है कि 3 दिन पहले नितिन के दोस्त प्रिंस का सत्य चौधरी उर्फ मिट्ठू नाम के एक शख्स के साथ विवाद हुआ था जिसकी शिकायत थाने तक पहुंची थी. तब पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था. लेकिन भीतर ही भीतर रंजिश सुलग रही थी. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अगर तीन दिन पहले हुई घटना को गंभीरता से लिया होता तो आज नितिन जिंदा होता.

सड़क पर लाश रख लगाया जाम

दिनदहाड़े थाने के पास हुई हत्या से परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र ग्रामीणों ने नितिन का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे. माहौल गरमाता देख यूपी सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने सड़क पर परिजनों के पास बैठकर उन्हें समझाया और कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया.

हालांकि लोगों का हंगामा अभी भी जारी है. हत्यारोपी सत्य चौधरी उर्फ मिट्ठू के घर के बाहर बुलडोजर खड़ा हुआ है. पुलिस की मौजूदगी में उसके घर की रेलिंग तोड़ी गई है. नितिन की हत्या के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि आरोपी के पूरे घर पर बुलडोजर चलना चाहिए.

जांच में जुटी पुलिस

वारदात के बाद पुलिस ने हस्तिनापुर थाने में मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. मेरठ एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि 'हस्तिनापुर क्षेत्र में नितिन नागर नामक युवक को गोली लगने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'

आरोपियों की धरपकड़ के लिए CO मवाना के नेतृत्व में स्वॉट, सर्विलांस और पुलिस की 4 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: विनोद सहनी हत्याकांड के बाद सीधे पुलिस से भिड़ गईं सपा नेता काजल निषाद, बोलीं- 'यादव या मुसलमान का हो जाता एनकाउंटर'