गाजियाबाद में पिता से हुआ झगड़ा, फिर 25 मिनट बाद बंदूक लेकर लौटी बेटी! गेट तोड़ा और तान दी पिस्टल, पूरा मोहल्ला देखता रह गया

मयंक गौड़

12 Sep 2026 (अपडेटेड: 12 Sep 2026, 12:20 PM)

गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है. एक लड़की पर अपने पिता और भाभी को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है.

Ghaziabad Daughter Pistol News

Ghaziabad Daughter Pistol News

Google CTA

Ghaziabad Daughter Pistol News: गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है. एक लड़की पर अपने पिता और भाभी को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. शिकायत के मुताबिक पहले लड़की की पिता से कहासुनी और हाथापाई हुई. इसके करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची और कथित तौर पर मेन गेट तोड़कर अंदर दाखिल हो गई. घर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात कही गई है.

यह भी पढ़ें...

वेरिफिकेशन को लेकर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित हितेश तोमर की ओर से दर्ज कराई गई FIR के अनुसार उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी. आरोप है कि 8 सितंबर की शाम करीब 5 बजे प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची. वहां उसने कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बातचीत की. हितेश ने कथित तौर पर वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. शिकायत में प्रियंका पर पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. बीच-बचाव के लिए आई भाभी के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात FIR में कही गई है.

25 मिनट बाद फिर लौटी लड़की

हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद लड़की वहां से चली गई. शिकायत के मुताबिक करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ फिर घर पहुंची. आरोप है कि इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर दाखिल हो गई. इसके बाद उसने पिता और भाभी की तरफ पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी. स्थिति बिगड़ने पर दोनों जान बचाने के लिए किसी तरह घर की पहली मंजिल पर पहुंच गए. इस दौरान घर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

CCTV में कैद हुई पिस्टल लहराने की घटना

पिस्टल दिखाने और कथित तौर पर धमकी देने की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. सामने आए फुटेज में लड़की पिस्टल लहराती नजर आ रही है. घटना के बाद हितेश तोमर ने पुलिस से शिकायत की. उनकी शिकायत के आधार पर 9 सितंबर को साहिबाबाद थाने में प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. मामले में FIR कॉपी और घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी जांच का हिस्सा है. पुलिस अब वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.

आरोपी लड़की की तलाश में पुलिस

सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने मामले को लेकर कहा 'आरोपी लड़की की तलाश की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.' पुलिस के मुताबिक मामले में CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी लड़की और उसकी सहेली की तलाश जारी है.

यहां देखें पूरा वीडियो-