हमीरपुर में BJP की नगर पंचायत अध्यक्ष और सपा नेता में हो गई मार, बीच सड़क पर ऐसे भिड़ीं!

नाहिद अंसारी

• 11:19 AM • 12 Sep 2026

हमीरपुर के कुरारा में नाली निर्माण और जलभराव को लेकर सपा की पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि और बीजेपी की मौजूदा चेयरमैन आशा रानी कबीर भिड़ गईं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Hamirpur News

Hamirpur News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में विकास कार्य और नाली निर्माण को लेकर दो महिला नेता आपस में भिड़ गईं. यह कोई आम गली-नुक्कड़ की बहस नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी की मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच का हाई-वोल्टेज ड्रामा था.पहले कहासुनी हुई फिर गरमागरमी इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.अब इस पूरे सियासी संग्राम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

नाली निर्माण और बुलडोजर कार्रवाई पर छिड़ा विवाद

विवाद की मुख्य वजह कुरारा कस्बे में जलभराव की समस्या और नाली निर्माण को लेकर शुरू हुई. सपा की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि माया वाल्मीकि का आरोप है कि मौजूदा बीजेपी चेयरमैन आशा रानी कबीर बुलडोजर लेकर उनके घर के पास पहुंच गईं. उनका कहना है कि बिना किसी सही समन्वय के उनके घर के नीचे बनी एजिंग (संरचना) को तुड़वा दिया गया जिससे उनके मकान को नुकसान पहुंचा और घर में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया.

नेतागिरी उतारने का आरोप और हाथापाई

पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि के अनुसार, जब उन्होंने मोहल्ले का पानी दो-तीन रास्तों पर डिवाइड करने की बात कही तो बात बिगड़ गई. माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि वर्तमान चेयरमैन ने उनसे कहा कि 'पूरा पानी यहीं से निकलेगा' और फिर बुलडोजर चालक को आगे बढ़ने का निर्देश दिया. विरोध करने पर वर्तमान चेयरमैन और उनके साथ मौजूद अधिकारियों/कर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की जिससे वह जमीन पर गिर गईं. माया वाल्मीकि का यह भी आरोप है कि बचाव के लिए घर के अंदर भागने पर भी लोगों ने अंदर घुसकर उनसे मारपीट की.

बीजेपी चेयरमैन का पलटवार

दूसरी तरफ बीजेपी की मौजूदा चेयरमैन आशा रानी कबीर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूर्व चेयरमैन पर ही हमला करने का आरोप लगाया है. आशा रानी का कहना है कि संबंधित वार्ड में लंबे समय से जलभराव था और स्थानीय जनता के बुलाने पर वह मौके का मुआयना करने गई थीं. उनका दावा है कि पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि, उनके भांजे और अन्य लोगों ने मिलकर उन पर सीधा हमला कर दिया. बीजेपी चेयरमैन का कहना है कि पूर्व चेयरमैन चुनाव हारने के बाद से ही उनसे चिढ़ती हैं और विकास कार्यों में अड़ंगा डाल रही हैं.

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

घटना के दौरान वहां मौजूद किसी स्थानीय निवासी ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नाली और जलभराव को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब कस्बे में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: मायावती ने आकाश आनंद को क्यों किया बाहर? परिवार के अंदर क्या चल रहा, पत्रकार सैयद कासिम ने बताया सबकुछ!