Mathura Land Dispute: जनपद मथुरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भू-माफियाओं द्वारा उपजाऊ कृषि भूमि पर अवैध रूप से नगर निगम का कूड़ा-कचरा डलवाकर भूमि को बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया गया है. मामले में जिलाधिकारी मथुरा को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित जितेन्द्र ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी कृषि भूमि, जिसका खाता संख्या 00091 एवं खाता संख्या 02 में कुल रकबा 0.8130 हेक्टेयर दर्ज है, पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से नगर निगम का कूड़ा-कचरा डलवाया जा रहा है.
शिकायत के अनुसार, उक्त भूमि से संबंधित बंटवारे का वाद उपजिलाधिकारी महावन न्यायालय में विचाराधीन है. इसके बावजूद आरोपित पक्ष अपनी दबंगई के बल पर उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंचा रहे हैं. शिकायत में कपिल, धर्मवीर, रवि दीक्षित सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं. पीड़ित का कहना है कि भूमि का अभी तक कोई विधिक बंटवारा नहीं हुआ है, फिर भी नगर निगम के माध्यम से कूड़ा डलवाकर उपजाऊ जमीन को नष्ट किया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
इसके अतिरिक्त शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम से बिना किसी विधिक अनुमति अथवा स्वीकृति प्राप्त किए कृषि भूमि पर अनाधिकृत रूप से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं, जो संबंधित नियमों एवं भूमि उपयोग मानकों का खुला उल्लंघन है.
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने, कृषि भूमि पर कूड़ा-कचरा डलवाने पर तत्काल रोक लगाने तथा बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है.
ADVERTISEMENT










