Mathura News: आगरा-दिल्ली हाईवे पर ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉलियां लगातार हादसे का कारण बन रही हैं. गुरुवार को फरह और बरारी के पास ओवरलोडिंग और अधिक चौड़ाई के चलते दो ट्रॉलियां पलट गईं. वहीं भीम नगर के पास कैंटर की टक्कर से पिकअप चालक घायल हो गया. लगातार हादसों से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई.
भूसा से भरा ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉला अनियंत्रित होकर पलट गया. इसी तरह बरारी के पास गेहूं के बोरों से लदा ट्रॉला चौड़ाई अधिक होने के कारण संतुलन बिगड़ने से सड़क पर पलट गया. दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क पर भूसा और गेहूं बिखर जाने से आवागमन बाधित हो गया.
ADVERTISEMENT
तीसरी घटना भीम नगर पर हुई, जहां तेज रफ्तार कैंटर ने आगे चल रही पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी. कैंटर में भैंस लदी थीं और टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप चालक ओम प्रकाश गंभीर घायल हो गया. घायल को एंबुलेंस से सीएचसी फरह भेजा गया, भैंसों को भी चोटें आई हैं.
सूचना मिलते ही फरह थाना पुलिस और हाईवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से पलटे वाहनों को सड़क से हटवाया. काफी देर तक हाईवे पर जाम लगा रहा.
स्थानीय लोगों का कहना है ट्रक, ट्रॉलियां नियमों को ताक पर रखकर निकलती हैं. परिवहन विभाग की चेकिंग न होने से हादसे बढ़ रहे हैं. चौड़ी ट्रॉलियां सड़क का बड़ा हिस्सा घेर लेती हैं, जिससे टक्कर की आशंका बनी रहती है.
ADVERTISEMENT










