वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है. 25 वर्षीय दीपक के शरीर पर कई गंभीर चोटें मिली हैं. रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत हेमोरेजिक शॉक यानी अत्यधिक खून बहने से हुए शॉक के कारण हुई.
ADVERTISEMENT
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की चोट को भी गंभीर बताया गया है. सिर के पीछे वाले हिस्से में चोट के बाद खून जमा हुआ था. खोपड़ी में हेयरलाइन फ्रैक्चर यानी बारीक दरार भी मिली है. सिर पर लगे घाव में 14 टांके लगे थे.
सिर के साथ होंठ और ठोड़ी पर भी चोट
रिपोर्ट के मुताबिक दीपक के निचले होंठ के बाएं हिस्से और ठोड़ी पर भी चोट मिली. इन जगहों पर कटे हुए घाव थे और टांके लगाए गए थे. पोस्टमार्टम में शरीर पर लगी इन चोटों को मौत से पहले की चोटें बताया गया है.
सबसे गंभीर चोटों में जननांग की चोट भी शामिल है. रिपोर्ट में बॉडी के 2 पार्ट्स में मिलने का जिक्र है. बताया गया कि पेनिस शरीर से अलग था. इसके अलावा पेनिस के बेस यानी मूल हिस्से पर भी टांके लगा हुआ घाव मिला.
पैर की हड्डी भी टूटी मिली
दीपक के पैर में भी गंभीर चोट मिली. टखने से पैर की ओर करीब 5×1 सेंटीमीटर का घाव था. इस चोट के नीचे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया. पोस्टमार्टम के दौरान छाती के अंदर भी गंभीर चोटों का पता चला. बाईं तरफ की पांचवीं से आठवीं पसली तक फ्रैक्चर मिली. इसके साथ ही बायां फेफड़ा फटा हुआ था.
छाती में जमा मिला खून
बाएं फेफड़े के आसपास की कैविटी में खून जमा हुआ था. रिपोर्ट में खून के थक्के का भी जिक्र है. इससे शरीर के अंदर काफी रक्तस्राव होने की बात सामने आती है. जांच में लिवर, तिल्ली और दोनों किडनी भी काफी पीली मिलीं. रिपोर्ट के मुताबिक इनके आसपास भी तरल जमा था. शरीर में मौत के बाद होने वाली अकड़न यानी रिगर मॉर्टिस भी मौजूद थी.
मौत से करीब एक दिन पहले हुई थी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मौत पोस्टमार्टम से करीब एक दिन पहले होने का अनुमान लगाया गया है. रिपोर्ट में मौत की वजह के तौर पर गंभीर चोटों के कारण हुआ हेमोरेजिक शॉक दर्ज है.
पोस्टमार्टम में सामने आई चोटों और शरीर के अंदर हुए भारी रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया है. रिपोर्ट में इन चोटों के अलावा मौत के पीछे की परिस्थितियों का अलग से कोई निष्कर्ष नहीं दिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की 26 सितंबर को मौत हो गई थी. 25 वर्षीय दीपक मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और करीब दो साल पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद वृंदावन में रह रहे थे. वह वाराह घाट मार्ग स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की चार मंजिला इमारत से नीचे गिर गए थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद सामने आए CCTV और जांच में कमरे से खून लगा ग्राइंडर मिलने की बात सामने आई. दीपक के शरीर पर जननांग से जुड़ी गंभीर चोट भी मिली थी. इसी वजह से पुलिस मौत की परिस्थितियों की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटों के साथ मौत की वजह हेमोरेजिक शॉक बताई गई है.
ये भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की हेमोरेजिक शॉक से हुई थी मौत, जानिए क्या होता है ये?
ADVERTISEMENT











