Rasik Dulari Sharan Mother Mayabai Statement: मथुरा में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला लगातार सवालों में है. परिजन उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और साजिश की आशंका जता रहे हैं. परिवार का कहना है कि दीपक की मौत के बाद उन्हें जानकारी लेने के लिए काफी देर तक आश्रम और अस्पताल के बीच भटकना पड़ा. आश्रम में भी उन्हें कई सवालों के जवाब नहीं मिले. अब परिजन मामले की उच्चस्तरीय जांच के साथ CBI जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज की जांच में प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला सामने आया है और परिवार की शिकायत के बाद सभी पहलुओं की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT
परिजन बोले- दीपक ऐसा कदम नहीं उठा सकते थे
जबलपुर से सामने आई जानकारी के मुताबिक दीपक लोधी के परिजनों ने उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं. परिवार का कहना है कि दीपक आत्महत्या नहीं कर सकते थे और उनकी मौत के पीछे कुछ गड़बड़ी हो सकती है. परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. दीपक के परिजन लकी पटेल ने कहा, 'दीपक आत्महत्या नहीं कर सकते. कुछ तो साजिश हुई है. वहां हजार लोग हैं, इसकी उच्च जांच होनी चाहिए. बाबा जी को कोई जानकारी नहीं है, पूरा सिस्टम हाईजैक है.' परिजनों ने आश्रम में हुई एक अन्य कथित घटना का भी जिक्र किया है, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
दीपक के बाबा ने क्या कहा?
दीपक के बाबा प्रेम लाल पटेल लोधी ने भी उनकी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दीपक के स्वभाव और पूजा-पाठ से जुड़े होने की बात कही. उनका कहना है कि दीपक ने शादी करने से इनकार किया था और छोटे भाई की शादी पहले कराने की बात कही थी. प्रेम लाल पटेल लोधी ने कहा, 'दीपक पढ़ाई-लिखाई में बहुत होशियार था. पूजा-पाठ में भी जुड़ा था. उसने शादी करने से मना किया था और कहा था कि छोटे वाले की शादी कर दो. उसके साथ गलत हुआ है. दो-चार लोग मिलकर गलत किए हैं. CBI की जांच होनी चाहिए.'
अस्पताल और आश्रम के बीच भटकते रहे परिजन
परिवार का आरोप है कि दीपक की मौत की जानकारी मिलने के बाद उन्हें तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. परिजनों के मुताबिक, वे आश्रम और अस्पताल के बीच जानकारी के लिए भटकते रहे. दीपक के परिजन बृजेश कुमार पटेल ने कहा, 'जब हम अस्पताल पहुंचे तो आश्रम के चक्कर काटते रहे. वहां कोई कुछ बता नहीं रहा था. पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ले गई, तब आश्रम के लोग आए. पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही बता पाएंगे.' वहीं दीपक के जीजा सोनू पटेल ने भी परिजनों को आश्रम में घंटों बैठाए रखने का आरोप लगाया.
जीजा सोनू पटेल ने क्या बताया
सोनू पटेल के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें दीपक की मौत की जानकारी आश्रम के गार्ड से मिली. उन्होंने कहा, 'हम अस्पताल गए तो गार्ड से पूछा, उसने बताया कि डेथ हो गई थी. वहां आश्रम में घंटों बैठे रखा. पूरा दिन घुमाते रहे. अभी बड़ी साजिश लग रही है, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.' परिवार का कहना है कि मौत के मामले में हर पहलू की जांच होनी चाहिए और वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद सामने आनी चाहिए.
रसिक दुलारी की मां मायाबाई ने क्या कहा?
रसिक दुलारी की मां मायाबाई ने बताया कि गुरु दीक्षा के बाद दीपक के परिवार से मिलने और बात करने को लेकर पाबंदी थी. उन्होंने कहा, 'गुरुजी ने बोल दिया था कि गुरु दीक्षा है, अब किसी से मिलना नहीं, मां-बाप से भी नहीं. हमारी बहू गई थी, छोटी वाली. तो बोल दिया उन्होंने कि बाजू से निकल लो, लेकिन बात नहीं करो. यानी किसी घरवाले से बात करना वर्जित था.' मायाबाई के मुताबिक गुरु दीक्षा से पहले मां-बाप से दस्तखत भी करवाए गए थे कि दीक्षा के बाद किसी से मिलना नहीं होगा, सब त्याग करना पड़ेगा और घर से दूर रहना होगा. उन्होंने आगे कहा, 'अपन को तो यही लगता है कि कुछ हादसा ही होगा. उसके साथ में कुछ हुआ होगा. जब उसने कदम नहीं उठाया, तो वो कभी ऐसा कदम नहीं उठा सकता था.'
मां ने कहा- बहुत अच्छा स्वभाव था दीपक का
मायाबाई ने दीपक के स्वभाव को याद करते हुए कहा कि वह सबसे मिलजुलकर रहता था और परिवार के लोगों के साथ बहुत प्रेम से रहता था. उन्होंने कहा, 'बहुत अच्छा स्वभाव था, सबसे मिलजुलकर रहता था. बहुत अच्छा था. भाई को भाई, दीदी को दीदी बोलना. हमारे यहां जाता था, बहुत प्रेम से रहता था. कभी भी उसके आसपास कोई उटपटांग बात या ऐसा वातावरण नहीं हुआ. हम लोगों की आत्मा रो रही है उसके लिए. इनका लड़का नहीं था, हमारा था वो. बहुत आत्मा दुखी हो रही है.'
उधर पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हेमोरेजिक शॉक यानी अधिक ब्लीडिंग बताई गई है. पुलिस के अनुसार दीपक के कमरे से एक ग्राइंडर मिला और उनका प्राइवेट पार्ट कटे होने के तथ्य सामने आए हैं. पुलिस का कहना है कि यह क्यों और कैसे हुआ, इसकी स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.
(रिपोर्टर- धीरज शाह के इनपुट से)
ADVERTISEMENT











