Mahant Ganga Das Statement: वृंदावन के प्रमुख संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. अब इस मामले को लेकर वृंदावन के साधु-संतों की बैठक हुई, जिसमें घटना की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की गई. परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में धर्म रक्षा संघ के बैनर तले हुई बैठक में संतों ने एक स्वर में मामले की जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की. वहीं, पुलिस पहले ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
साधु-संतों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
धर्म रक्षा संघ के बैनर तले हुई बैठक में संतों ने दीपक लोधी की मौत को लेकर अपनी चिंता जाहिर की. संत समाज का कहना है कि घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले का पर्दाफाश हो सके. दीपक लोधी की मौत के बाद से बृज के साधु-संतों में भी काफी उबाल बताया जा रहा है. बैठक में घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग प्रमुखता से उठाई गई.
संत मोहनी शरण ने क्या कहा?
संत मोहनी शरण ने इस घटना पर संत समाज की ओर से नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “संत समाज इस घटना की निंदा करता है. इस घटना के बाद केली कुंज की ओर से न तो अभी तक कोई बयान जारी किया गया है और न ही प्रशासन ने कोई उच्च स्तरीय जांच की है.” उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की.
संत मोहनी शरण ने साधु वेश में घूम रहे असामाजिक तत्वों की भी जांच कराने की बात कही. उन्होंने कहा, “बड़ी संख्या में साधु वेश में असामाजिक तत्व घूम रहे हैं, सभी की जांच होने पर बहुत कुछ खुलासा हो सकेगा.” उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की भी जांच कराने की मांग की है. संतों की बैठक में दीपक लोधी की मौत की जांच को लेकर इसी तरह के कई सवाल उठाए गए.
महंत गंगा दास ने केली कुंज को लेकर लगाए आरोप
बैठक में महंत गंगा दास जी महाराज ने भी मामले को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा 'केली कुंज में वृंदावन में एक महात्मा के साथ बहुत गलत घटना घटी है.' उनका आरोप है कि केली कुंज में समय-समय पर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने आगे कहा 'केली कुंज के शिष्य जमीनों पर कब्जे और माफिया गिरी का काम कर रहे हैं.' उन्होंने दावा किया कि इससे सनातन संस्कृति को नुकसान हो रहा है. ये आरोप महंत गंगा दास जी महाराज ने बैठक के दौरान लगाए.
CCTV में चौथी मंजिल से गिरते दिखे दीपक
इससे पहले दीपक लोधी की मौत का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. फुटेज में 25 सितंबर की तारीख है और साधक रसिक दुलारी शरण को आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिरते हुए देखा गया. उस वीडियो में सुबह 10:36 का समय दिखा.
परिजनों ने आश्रम पर लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी करीब दो साल पहले वृंदावन आए थे. उनके जीजा सोनू पटेल ने आरोप लगाया कि गुरु दीक्षा के बाद आश्रम के लोग परिवार को उनसे मिलने नहीं देते थे. परिवार के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद वे रात करीब 3 बजे आश्रम पहुंचे, लेकिन उन्हें सुबह 8 बजे तक बाहर बैठाए रखा गया. परिजनों ने यह भी कहा कि घटना के बाद आश्रम की तरफ से कोई व्यक्ति उनसे मिलने नहीं आया. वहीं पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर की सुबह अस्पताल से घायल व्यक्ति की सूचना मिली थी.
ADVERTISEMENT











