गुड्डू त्रिपाठी के भाई के घर बर्थडे पार्टी में 13 साल के मासूम उनस को कैसे लगी गोली?

Lucknow Crime News: लखनऊ के कृष्णा नगर में बीजेपी एमएलसी के रिश्तेदार के घर चल रही बर्थडे पार्टी मातम में बदल गई. 13 साल के उनस खान के माथे पर गोली लगी. परिजनों ने साजिश का आरोप लगाया है. देखिए पूरी रिपोर्ट.

यूपी तक

• 01:45 PM • 03 Mar 2026

follow google news

लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान 13 साल के मासूम उनस (उजस) खान की गोली लगने से मौत हो गई. आपको बता दें कि 13 वर्षीय उनस खान सातवीं कक्षा का छात्र था. यह घटना पूर्व एमएलसी गुड्डू त्रिपाठी के भाई संजीव त्रिपाठी के घर पर हुई. उनस वहां उनके बेटे नवनीत की बर्थडे पार्टी में गया था. 

यह भी पढ़ें...

सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनस घर से निकला था और शाम को उसके परिजनों को अस्पताल पहुंचने की सूचना मिली. उनस के माथे के बीचों-बीच गोली लगी थी. परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है. पिता जमीर खान का कहना है कि उन्हें पहले भी पीटीएम (PTM) के दौरान धमकी दी गई थी. आरोप है कि संजीव त्रिपाठी ने फोन पर धमकी भरे लहजे में बात की और पुलिस ने बच्चे के शव से परिजनों को तुरंत मिलने नहीं दिया. पिता ने यह भी बताया कि उनका बेटा रोजा रखे हुए था और दोस्त के बुलाने पर पार्टी में गया था.

पुलिस के मुताबिक, यह मामला एक्सीडेंटल फायर का लग रहा है, लेकिन जांच जारी है. घटना के वक्त पार्टी में मौजूद तीन नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.