यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, 6 की मौत, बस ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार

Hathras Road Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक डबल डेकर बस ने इको कार को टक्कर मार दी, जिससे 6 लोगों की जान चली गई. पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. देखिए पूरी रिपोर्ट.

यूपी तक

• 11:02 AM • 03 Mar 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं. यह हादसा हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 181 (नगला हरिया) के पास हुआ. दुर्घटना आज सुबह लगभग 4:20 बजे हुई. नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक इको कार को पीछे से आ रही एक डबल डेकर बस (नोएडा से गोरखपुर जा रही) ने टक्कर मार दी. 

यह भी पढ़ें...

इको कार में कुल 16 लोग सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में से 5 की पहचान हो चुकी है, जबकि 1 की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. घायलों को इलाज के लिए सादाबाद के सीएचसी (CHC) ले जाया गया, जहाँ से गंभीर घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. 

हादसे का कारण और कार्रवाई

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, हादसा ओवरस्पीडिंग और बस ड्राइवर द्वारा लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण हुआ. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर, सह-चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. बस को कब्जे में लेकर बस मालिक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.