इजरायल में फंसे सिद्धार्थनगर के शिवा सिंह और बलिया के 'यादव जी' ने भेजी युद्ध की असली रिपोर्ट, वहां ये सब हो रहा

Shiva Singh Israel Video: सिद्धार्थनगर के शिवा सिंह इजरायल में मिसाइल हमलों के बीच बंकरों में रातें काट रहे हैं. देखिए उनके द्वारा भेजा गया वीडियो और जानिए वहां के मौजूदा हालात पर उनके परिवार का क्या कहना है.

यूपी तक

• 11:56 AM • 02 Mar 2026

follow google news

ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले का एक युवक शिवा सिंह इजरायल में फंसा हुआ है. शिवा ने वहां के बंकरों से वीडियो भेजकर मौजूदा डरावने हालात बयां किए हैं. शिवा सिंह इजरायल में एक सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहे हैं. उन्होंने वीडियो में बताया कि वहां हर 15 मिनट पर सायरन बज रहा है और मिसाइलें दागी जा रही हैं. शिवा के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर खामिनेई की मौत के बाद इजरायल पर हमलों की तीव्रता बढ़ गई है. वे और उनके साथी पूरी रात बंकरों में बिता रहे हैं और सो भी नहीं पा रहे हैं. वीडियो में उनके साथ बलिया के रहने वाले एक अन्य युवक 'यादव जी' भी नजर आ रहे हैं, जो उनके साथ बंकर में छिपे हुए हैं. 

यह भी पढ़ें...

शिवा सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं. उनके घर में मां नीलू सिंह और छोटा भाई रितिक रहते हैं. उनके पिता की 2024 में मृत्यु हो चुकी है. शिवा बीएससी करने के बाद गांव में पंचायत सहायक थे, लेकिन बेहतर भविष्य के लिए सितंबर 2024 में इजरायल चले गए थे. शिवा की मां ने बताया कि सायरन बजते ही सभी लोग भागकर बंकरों में छिप जाते हैं. उन्हें अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर काफी डर लगा रहता है और उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है. 

शिवा ने यह भी बताया कि वे इजरायल के डिफेंस सिस्टम से संतुष्ट हैं, लेकिन स्थिति बहुत तनावपूर्ण है क्योंकि एक दिन में लगभग 300 मिसाइलें गिरी हैं. भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी दौरे से लौटते ही CCS (कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी) की बैठक बुलाई है ताकि युद्धग्रस्त देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और सहायता पर मंथन किया जा सके.