Ambedkar Nagar News: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष ने हालात को बेहद गंभीर बना दिया है. लगातार हो रहे हमलों के बीच ईरान में इंटरनेट सेवाएं दो दिनों से ठप बताई जा रही हैं, जिससे वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से संपर्क टूट गया है. उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में उन परिवारों के बीच बेचैनी और चिंता का माहौल है, जिनके बच्चे और रिश्तेदार ईरान में पढ़ाई या अन्य काम के सिलसिले में रह रहे हैं. इस बीच हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनई की मौत की खबर ने हालात को और तनावपूर्ण बना दिया है.
ADVERTISEMENT
ईरान में भारतीय छात्रों से संपर्क टूटा
रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल और यूएस की ओर से ईरान पर हमले जारी हैं. एक प्रमुख शहर कुम पर भी हमले की खबर है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय छात्र धार्मिक और उच्च शिक्षा ले रहे हैं. इंटरनेट बंद होने के कारण परिजन अपने बच्चों से बात नहीं कर पा रहे हैं जिससे चिंता और बढ़ गई है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोग अपने परिजनों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं. शिया संगठनों ने हमले की निंदा करते हुए जगह-जगह विरोध प्रदर्शन भी किए हैं. प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की और ईरान के समर्थन में पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे.
अंबेडकर नगर का परिवार ने कही ये बात
अंबेडकर नगर के अब्दुल्लापुर मोहल्ले के निवासी सैयद एतबार हुसैन ने बताया कि उनका बेटा काजिम अब्बास, दामाद जमीर अब्बास, बेटी तसवीर फातिमा और दो नाती सहित परिवार के पांच सदस्य ईरान में फंसे हुए हैं. उनके अनुसार, परसों रात से किसी से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. उनका बेटा हाल ही में पढ़ाई के लिए ईरान गया था, जबकि दामाद कई सालों से वहीं रहकर शिक्षा ले रहे हैं.
परिवार ने बताया कि जिले के कई अन्य लोग भी ईरान में फंसे हैं और सभी के घरों में बेचैनी है. उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द फंसे हुए भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए और संपर्क बहाल कराया जाए.
यूपी में विरोध और गुस्सा
ईरान में बढ़ते तनाव और खामनेई की मौत की खबर के बाद उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शिया समुदाय में आक्रोश देखा गया. धार्मिक नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा की है और समुदाय से संयम बनाए रखने की अपील की है.
मिडिल ईस्ट में जारी इस संघर्ष का असर भारत के कई परिवारों पर साफ दिखाई दे रहा है. एक ओर ईरान में हालात अस्थिर बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर भारत में परिजन अपने प्रियजनों की सुरक्षा को लेकर दिन-रात चिंतित हैं और सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: अयातुल्लाह अली खामेनई की मौत के बाद संभल में हुआ बवाल, अमेरिका-इजरायल के खिलाफ गूंजे जोरदार नारे...
ADVERTISEMENT









