खामेनेई को लेकर यूपी में सड़क पर उतरे शिया तो सुन्नी धर्मगुरु ने कह दी ये बात, फिर तो ये सब हुआ

Ayatollah Ali Khamenei Killed: ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामिनेई के मारे जाने के बाद यूपी में शिया समुदाय का भारी आक्रोश. सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने भी हमले की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है.

यूपी तक

• 10:16 PM • 01 Mar 2026

follow google news

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामिनेई के अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारे जाने की खबर के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी विरोध प्रदर्शन और शोक का माहौल है. इस घटना ने न केवल शिया समुदाय बल्कि सुन्नी समुदाय को भी झकझोर कर रख दिया है. खामिनेई की मौत की खबर के बाद यूपी के विभिन्न जिलों में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए हैं. लोग काले कपड़े पहनकर और काले झंडे लहराकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल को 'गद्दार' और 'धोखेबाज' करार देते हुए कड़ी नाराजगी जताई है. शिया समुदाय खामिनेई को अपना 'रहबर' (नेता) और 'इमाम' मानता है. शिया धर्मगुरुओं और आम लोगों ने इसे एक कायरतापूर्ण हमला बताया है और खामिनेई को एक 'शेर' की संज्ञा दी है जो हमेशा उनके दिलों में जिंदा रहेंगे. 

इस बीच सुन्नी समुदाय के प्रमुख धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने भी इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि ईरान एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है और उस पर इस तरह का हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों की धज्जियां उड़ाने जैसा है. मौलाना ने दुख जताया कि रमजान जैसे पवित्र महीने में इस तरह की जंग और हमले किए गए, जो कि बेहद चिंताजनक है. 

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप करने और इस मामले को इंटरनेशनल कोर्ट में ले जाने की अपील की है ताकि कसूरवारों को सजा मिल सके. मौलाना फिरंगी महली ने देश के सभी नागरिकों से शांति और अमन-चैन बनाए रखने की अपील की है.