डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट कराया...लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर परमजीत सिंह का अश्लील ऑडियो वायरल, मचा हड़कंप

लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पर छात्रा से अश्लील बातचीत और पेपर लीक का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है और विश्वविद्यालय ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले की जांच चल रही है.

यूपी तक

• 10:55 AM • 16 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश की राजधानी में स्थित प्रतिष्ठित लखनऊ विश्वविद्यालय से एक ऐसा सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे शिक्षा जगत को कटघरे में खड़ा कर दिया है. विश्वविद्यालय के एक असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह पर अपनी ही बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा से कथित तौर पर अश्लील बातचीत करने और उसे जाल में फंसाने के लिए परीक्षा का पेपर लीक कराने का लालच देने का बेहद गंभीर आरोप लगा है. इस घिनौने कृत्य का एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

"डार्लिंग... तुम्हारे लिए दो पेपर आउट कर दिए हैं"

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में प्रोफेसर परमजीत सिंह को एक छात्रा पर छुट्टी से जल्दी वापस आने और अकेले में कमरे में मिलने का दबाव बनाते हुए सुना जा सकता है. ऑडियो में प्रोफेसर कहता नजर आ रहा है, ''डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है. एग्जाम से पहले घर से आ जाओ, पेपर तुम्हें दे देता हूं... बस मुझे डिच मत करना। सब कुछ रेडी है तुम्हारे लिए.''

इतना ही नहीं, ऑडियो में प्रोफेसर बकायदा पेपर्स के नाम लेते हुए दावा कर रहा है कि उसने 'इम्यूनोजेनेटिक्स' और 'जेनोमिक्स' दोनों के पेपर छात्रा के लिए पहले ही आउट करके रखे हैं. वह छात्रा से बार-बार कहता है कि "तुम्हें पता है ना मेरी फीलिंग तुम्हारे लिए क्या है?"

छात्रा की हिम्मत और कैंपस में ABVP का भारी हंगामा

इस मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के खिलाफ पीड़ित छात्रा ने हिम्मत दिखाई और पूरे मामले की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी. जैसे ही यह ऑडियो क्लिप सार्वजनिक हुआ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर के तत्काल निलंबन व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.

यूनिवर्सिटी की तहरीर पर FIR

मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार की देर शाम विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की लिखित तहरीर पर हसनगंज कोतवाली थाने में प्रोफेसर परमजीत सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने जैसे ही आरोपी प्रोफेसर को अपनी कस्टडी में लेकर विश्वविद्यालय से बाहर निकाला, वहां मौजूद आक्रोशित छात्रों की भीड़ ने प्रोफेसर के खिलाफ तीखे और अपमानजनक नारे लगाने शुरू कर दिए.