भगवान की मूर्तियों के बीच रखी अखिलेश की तस्वीर, फिर महिला ने जो किया उसे देखकर हर कोई रह गया हैरान!

Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का आधिकारिक जन्मदिन पूरे उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया. लखनऊ में आयोजित सुंदरकांड पाठ के दौरान एक महिला के अखिलेश यादव की तस्वीर के सामने नतमस्तक होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

यूपी तक

• 02:57 PM • 01 Jul 2026

follow google news

Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 1 जुलाई को आधिकारिक (दस्तावेजों में दर्ज) जन्मदिन पूरे प्रदेश में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, केक कटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी आयोजनों के जरिए अपने नेता का जन्मदिन मनाया. सोशल मीडिया पर भी सुबह से ही शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा. इसी बीच जन्मदिन समारोह से जुड़ा एक वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं, जिनमें सुंदरकांड पाठ के दौरान एक महिला अखिलेश यादव की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर बैठी और बाद में नतमस्तक होती दिखाई दी.

यह भी पढ़ें...

सुंदरकांड पाठ के दौरान वायरल हुई तस्वीर बनी चर्चा का विषय

लखनऊ में आयोजित जन्मदिन समारोह के दौरान पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के बैनर तले सुंदरकांड का पाठ कराया गया. आयोजन स्थल पर भगवान श्रीराम, माता सीता और भगवान हनुमान की प्रतिमाएं स्थापित थीं. वहीं पास में अखिलेश यादव की तस्वीर भी रखी गई थी. वायरल तस्वीरों और वीडियो में एक महिला पहले अखिलेश यादव की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर बैठी नजर आती है और कुछ ही देर बाद सड़क पर ही नतमस्तक होकर सिर झुका देती है. इस दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे समर्थक की भावनाओं का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग भगवान की प्रतिमाओं के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर रखे जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

ढोल-नगाड़े, फूलों की वर्षा और साइकिल वितरण की तैयारी

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया. कहीं ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाया गया तो कहीं फूलों की वर्षा की गई. कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और समाजवादी पार्टी के झंडों के साथ रैलियां निकालीं. जानकारी के मुताबिक जन्मदिन के अवसर पर कुछ स्थानों पर छात्राओं को साइकिल भी वितरित की जानी थी, जो समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह भी है. कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.

अखिलेश यादव का राजनीतिक सफर

अखिलेश यादव का जन्म वर्ष 1973 में उत्तर प्रदेश के सैफई में हुआ था. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा सैफई और इटावा के स्थानीय स्कूलों से प्राप्त की. इसके बाद राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल में अध्ययन किया. उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने कर्नाटक की यूनिवर्सिटी ऑफ मैसूर से ग्रेजुएशन किया और बाद में ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

वर्ष 2000 में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़कर सक्रिय राजनीति में कदम रखा और पहली बार सांसद चुने गए. इसके बाद वह लगातार दो बार और लोकसभा पहुंचे. वर्ष 2009 में उन्हें समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई. 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद मात्र 38 वर्ष की आयु में वे उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने और वर्ष 2012 से 2017 तक प्रदेश की कमान संभाली.

विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ने दी शुभकामनाएं

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर केवल समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह करीब छह बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की.

फिलहाल अखिलेश यादव का आधिकारिक जन्मदिन पूरे उत्तर प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, लेकिन सुंदरकांड पाठ के दौरान वायरल हुई तस्वीर और महिला के नतमस्तक होने का वीडियो राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों जगह चर्चा का विषय बना हुआ है.