Akhilesh Yadav Birthday: उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज, 1 जुलाई को जन्मदिन है. इस मौके पर पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है और जगह-जगह उनके समर्थक “अखिलेश भैया” का जन्मदिन धूमधाम से मना रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर पार्टी कार्यालयों तक बधाई संदेशों की बाढ़ सी आ गई है.
ADVERTISEMENT
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं
इस खास मौके पर सबसे महत्वपूर्ण बधाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आई है. सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. उन्होंने आगे प्रभु श्री राम से उनके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना भी की. सीएम योगी के इस संदेश को राजनीतिक हलकों में काफी खास माना जा रहा है.
केशव प्रसाद मौर्य और अन्य नेताओं की भी बधाइयां
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. साथ ही उन्होंने भगवान श्री राम, श्री कृष्ण और भगवान महादेव से उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की.
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं की ओर से भी अखिलेश यादव को सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जन्मदिन की बधाइयां दी जा रही हैं.
अखिलेश यादव का राजनीतिक सफर
अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के एटा जिले के सैफई गांव में हुआ था. वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव तथा उनकी पहली पत्नी मालती देवी के पुत्र हैं.
उनका राजनीतिक सफर वर्ष 2000 में शुरू हुआ जब वे कन्नौज से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने. इसके बाद वे दो बार और सांसद चुने गए. वर्ष 2009 में उन्हें समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई.
मुख्यमंत्री बनने से लेकर पार्टी अध्यक्ष तक का सफर
वर्ष 2012 में मात्र 38 वर्ष की उम्र में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने. उनके कार्यकाल में लैपटॉप वितरण योजना, साइकिल वितरण योजना, एक्सप्रेसवे निर्माण और कई अन्य विकास योजनाओं की शुरुआत की गई. वर्ष 2017 के बाद वे समाजवादी पार्टी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और लगातार विपक्ष की राजनीति में एक मजबूत चेहरा बने हुए हैं.
लखनऊ में जन्मदिन की धूम
अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में विशेष तैयारियां की गई हैं. कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ जश्न मना रहे हैं और जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT









