ननिहाल से पिता के पास आया था 5 साल का अर्णव, अब सौतेली मां और पिता पर लगे खौफनाक आरोप...क्या हुआ?

Lucknow Child Death Case: लखनऊ के चौक इलाके में 5 साल के मासूम अर्णव की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. परिजनों ने पिता भीष्म खरबंदा और सौतेली मां रागनी खरबंदा पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

संतोष शर्मा

• 07:00 PM • 14 Mar 2026

follow google news

Lucknow Child Death Case: लखनऊ के चौक क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां पांच साल के मासूम अर्णव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. मृतक बच्चे के परिजनों का आरोप है कि अर्णव की सौतेली मां ने उसे बेरहमी से पीटा जिसके कारण उसकी जान चली गई. वहीं पिता पर भी इस मामले में गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

अदालत के आदेश के बाद पिता के साथ रह रहा था बच्चा

मिली जानकारी के अनुसार अर्णव के पिता भीष्म खरबंदा पेशे से वकील हैं. बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद अर्णव लंबे समय तक अपने ननिहाल में रह रहा था. करीब पांच महीने पहले अदालत के आदेश के बाद बच्चे की कस्टडी उसके पिता को सौंप दी गई थी. इसके बाद से वह चौक इलाके के लाजपत नगर में अपने पिता और सौतेली मां रागनी खरबंदा के साथ रह रहा था.

सौतेली मां पर लगातार प्रताड़ना का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अर्णव की सौतेली मां अक्सर उसके साथ मारपीट करती थी. उनका कहना है कि घटना वाले दिन भी बच्चे को बुरी तरह पीटा गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. जैसे ही इस घटना की खबर आसपास के लोगों तक पहुंची, पूरे इलाके में गुस्से का माहौल बन गया.

बता दें कि मृतक बच्चे की दादी, मामा और मौसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि अर्णव की हत्या उसके पिता और सौतेली मां ने मिलकर की है. परिवार का कहना है कि बच्चे को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी उत्पीड़न के चलते उसकी जान चली गई.

आरोपियों को देखकर भड़के स्थानीय लोग

घटना के बाद जब पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर इलाके में पहुंची तो वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कई स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की और कड़ी नाराजगी जताई. कुछ लोगों ने गुस्से में आरोपियों को थप्पड़ भी मार दिए, जिसके बाद पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस मामले पर जानकारी देते हुए विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में मारपीट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

फिलहाल पुलिस ने पिता और सौतेली मां दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 29 मार्च को मघा नक्षत्र में प्रवेश करेगा केतु, इन 5 राशियों के लोगों के लिए खुल जाएंगे सफलता और तरक्की के नए रास्ते