सीतापुर की सेउता विधानसभा सीट से विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर लगे कई शादियां कर महिलाओं से ठगी करने के आरोपों के बीच गुरुवार को अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक लाइव किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और ऐसे लोगों से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहते.
ADVERTISEMENT
विधायक ने कहा कि अनुज त्रिवेदी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी बेटी चाहेगी तो वह अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएंगे. बता दें कि दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर के साथ की थी. फिलहाल अनुज त्रिवेदी मुंबई में झांसा देकर शादी करने के एक मामले में जेल में बंद हैं.
अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी कर ठगी का आरोप
मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल निवासी अनुज त्रिवेदी पर अलग-अलग राज्यों की 25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने के आरोप हैं. इनमें से कुछ महिलाएं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आयुष चौधरी से मिलकर अनुज त्रिवेदी की संपत्ति की जांच कराने की मांग भी कर चुकी हैं. साल 2024 में विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर से कराई थी. बताया जा रहा है कि प्रखर पर भी कई शादियां करने के आरोप हैं.
'बड़े लोगों की सलाह पर बेटी की शादी की'
फेसबुक लाइव के दौरान विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि पूर्व सांसद स्वर्गीय जर्नादन मिश्र और कई अन्य विशिष्ट लोगों के कहने पर उन्होंने अपनी बेटी की शादी प्रखर से की थी. उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी दी गई थी कि अनुज त्रिवेदी रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं. उन्हें लगा कि परिवार छोटा है और कारोबार भी अच्छा है, इसलिए उन्होंने बेटी की शादी वहां कर दी. लेकिन अब उन्हें ठगा हुआ महसूस हो रहा है.
उन्होंने कहा कि साल 2016 से 2021 के बीच अनुज त्रिवेदी के खिलाफ महिलाओं से शादी कर ठगी करने के कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. इसके अलावा भी कई महिलाएं इसी तरह के आरोप लगा रही हैं.
'जरूरत पड़ी तो मुकदमा भी दर्ज कराएंगे'
ज्ञान तिवारी ने कहा कि अगर उनकी बेटी चाहेगी तो वह अनुज त्रिवेदी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराएंगे. उन्होंने कहा कि मां-बहनों को धोखा देने वाले अनुज त्रिवेदी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए. विधायक ने यह भी कहा कि अगर इस पूरे मामले में अनुज के बेटे की भी संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
'बेटी आत्मनिर्भर है, उसके लिए घर भी बनवाऊंगा'
विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ा-लिखाकर डॉक्टर बनाया है. वह आत्मनिर्भर है और अपनी मेहनत से जीवनयापन कर सकती है. उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के लिए मकान भी बनवाकर देंगे.
ADVERTISEMENT











