अतीक के बेटे आबान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, ब्रेन हेमरेज और अंदरूनी चोटों से हुई मौत

अजय झा

• 10:52 AM • 07 Aug 2026

अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट में ब्रेन हेमरेज, अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया है.

Aban Ahmed Funeral

Aban Ahmed Funeral

Google CTA

झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत के बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई है. गुरुवार को झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया.

यह भी पढ़ें...

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, कार की भीषण टक्कर के कारण दोनों को गंभीर ब्रेन हेमरेज हुआ था. इसके अलावा पेट के अंदरूनी अंग, आंतें और हृदय भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे. अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए और उन्हें प्रयागराज भेज दिया गया.

तीन घायल प्रयागराज रेफर

हादसे के समय कार में सवार जैद खान, उमर खान और फारूक भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. झांसी मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत में सुधार बताया. इसके बाद परिजन तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से प्रयागराज ले गए. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीनों को आगे भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा.

आज होगा सुपुर्द-ए-खाक

पोस्टमॉर्टम के बाद आबान का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसे हटवा स्थित उनकी चाची के आवास पर रखा गया. सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार की नमाज के बाद आबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद अहमद को भी दफनाया गया है. आबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है.

हादसे की जांच जारी

जनाजे और अंतिम संस्कार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. उधर, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है. पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए. पुलिस दुर्घटना की वजह, वाहन की गति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: प्रयागराज पहुंचा अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान का शव, आज जुमे की नमाज के बाद होगा सुपुर्द-ए-खाक