कानपुर में करोड़पति ससुर की हत्या के आरोप में जेल गई शालू ने बाहर आते ही बता दी अपनी पहली इच्छा

यूपी तक

• 10:50 AM • 29 Sep 2026

कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में 21 दिन जेल में रहने के बाद रिहा हुईं शालू मिनोचा ने पहली बार कैमरे के सामने अपनी बात रखी. उन्होंने बच्चे से मिलने की इच्छा और पूरे मामले पर अपना पक्ष बताया.

Kanpur News

Kanpur News

Google CTA

कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में 21 दिनों तक जेल में रहने के बाद रिहा हुईं शालू मिनोचा ने पहली बार कैमरे के सामने आकर अपनी बात रखी है. यूपी Tak से एक्सक्लूसिव बातचीत में शालू ने जेल से बाहर आते ही अपनी सबसे पहली और सबसे बड़ी इच्छा जाहिर की. शालू ने कहा कि इस वक्त उनके दिमाग में सिर्फ और सिर्फ एक ही बात चल रही है. वह जल्द से जल्द अपने 4 साल के मासूम बच्चे से मिलना चाहती हैं.

यह भी पढ़ें...

जेल से बाहर आने के बाद शालू मिनोचा काफी इमोशनल नजर आईं. उन्होंने बताया कि उनका 4 साल का बेटा फिलहाल अपनी नानी और मौसी के पास है. शालू के मुताबिक, बच्चे को इस पूरी खौफनाक वारदात और घटनाक्रम की रत्ती भर भी जानकारी नहीं है. शालू ने कहा कि 'अभी उसे कुछ भी नहीं पता है और न ही मैं कभी अपनी जिंदगी में उसे यह सब बताना चाहूंगी.'

शालू ने बताया कि बेगुनाह होने के बावजूद 21 दिन जेल में बिताने के बाद खुद को संभालने में उन्हें वक्त लगेगा. उन्होंने अपने वकील शिवाकांत दीक्षित का भी आभार जताया जिनकी वजह से उन्हें कोर्ट से न्याय और रिहाई मिली.

पति सुब्रत की साजिश से अनजान थीं शालू

शालू ने इंटरव्यू में साफ किया कि उन्हें अपने पति सुब्रत मिनोचा की किसी भी कथित साजिश या योजना की जरा भी भनक नहीं थी. जब उनसे पूछा गया कि क्या कभी उन्हें ऐसा अंदेशा हुआ था तो शालू ने कहा 'मुझे बिल्कुल भी आइडिया नहीं था कि यह सब क्या हुआ है. मेरे साथ जो भी हुआ, वह पूरी तरह से शॉकिंग था. मैं अभी इस स्थिति में नहीं हूं कि इस पूरी घटना को समझ या स्वीकार कर पाऊं.'

हत्या वाले दिन पार्टी में खुश थे दोनों

हत्या के दिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज को लेकर शालू ने खुलासा किया कि उस दिन वे दोनों एक पार्टी में थे और उन्होंने काफी एंजॉय किया था. शालू के मुताबिक, वे उस पार्टी के होस्ट थे इसलिए जल्दी गए थे. उस दौरान भी सुब्रत के व्यवहार से ऐसा बिल्कुल महसूस नहीं हुआ कि उनके दिमाग में कोई प्लानिंग चल रही है.

ससुर और पति के बीच मतभेद थे, लेकिन इतनी हद तक...?

सुब्रत और उनके पिता (करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा) के रिश्तों पर बात करते हुए शालू ने माना कि दोनों के बीच मतभेद जरूर थे. लेकिन उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि बात इतनी गंभीर हद तक बिगड़ जाएगी. शालू ने सुब्रत को सीक्रेटिव स्वभाव का बताया और कहा कि वह घर या दुकान से जुड़ी बातें जल्दी शेयर नहीं करते थे.

"बिना कुछ किए मिली इतनी बड़ी सजा"

अपने ऊपर बीते वक्त को याद करते हुए शालू ने बेहद दुखी मन से कहा कि बिना कुछ किए उन्हें इतनी बड़ी सजा भुगतनी पड़ी. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आगे अपने पति सुब्रत को सपोर्ट करेंगी या उनके साथ रिश्ता रखेंगी तो शालू ने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि फिलहाल वह मानसिक रूप से इस स्थिति में नहीं हैं कि किसी रिश्ते के भविष्य के बारे में सोच सकें उनकी प्राथमिकता सिर्फ उनका बच्चा है. अब देखने वाली बात यह होगी कि कानपुर पुलिस की आगे की जांच में इस हत्याकांड से जुड़े और क्या नए तथ्य सामने आते हैं.

ये भी पढ़ें: मैं राजनीति में आऊंगी… Ex-IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, बताया किस जगह और किस दल के साथ करेंगी शुरुआत?