मैंने पापा की जान ली... कानपुर के 'करोड़पति' विनीत मिनोचा केस में बड़ा खुलासा, बेटे ने पुलिस से कहा- मेरी पत्नी बेकसूर

यूपी तक

24 Sep 2026 (अपडेटेड: 24 Sep 2026, 12:10 PM)

कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बेटे सुब्रत ने पिता की हत्या कबूल कर ली. नौकर विशाल ने संपत्ति विवाद और कथित संबंधों का दावा किया. पुलिस शालू की भूमिका की भी जांच कर रही है और CDR व फॉरेंसिक साक्ष्यों से बयानों का मिलान किया जा रहा है.

Kanpur Vineet Minocha Murder Case

Kanpur Vineet Minocha Murder Case

Google CTA

कानपुर के चर्चित कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में कल्यानपुर थाने की पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. शुरुआती पूछताछ में पत्नी पर कत्ल का आरोप मढ़ने वाले सुब्रत ने आखिरकार तड़के 4 बजे पिता की हत्या का जुर्म खुद कबूल कर लिया. उसने दावा किया कि पत्नी शालू को इस मामले में फंसते देख उसे गिल्ट हुआ जिसके बाद उसने हत्या की जिम्मेदारी अपने सिर ले ली. वहीं दूसरी ओर नौकर विशाल के बयानों ने इस पूरी मर्डर मिस्ट्री में संपत्ति विवाद और अवैध संबंधों का एक नया सनसनीखेज मोड़ ला दिया है.

यह भी पढ़ें...

पति को देखते ही 20 मिनट तक रोती रही शालू

पुलिस ने जब सुब्रत और उसकी पत्नी शालू को आमने-सामने बैठाकर सवाल-जवाब शुरू किए तो सुब्रत को देखते ही शालू भावुक हो गई और करीब 20 मिनट तक फूट-फूटकर रोती रही. शालू लगातार यही दोहराती रही कि उसे नहीं पता कि उसके ससुर विनीत मिनोचा को किसने मारा. लेकिन उसने यह कत्ल नहीं किया है. इस दौरान सुब्रत ने शालू से ज्यादा बात नहीं की और कुछ देर बाद अपना मुंह दूसरी ओर घुमा लिया.

गिल्ट के कारण सुबह 4 बजे कबूला जुर्म

शुरुआती पूछताछ के दौरान सुब्रत लगातार शालू को ही हत्या का जिम्मेदार ठहरा रहा था. लेकिन जब उसे यकीन हो गया कि अब उसका जेल जाना तय है तो सुबह करीब 4 बजे उसने आखिरकार हत्या की बात कबूल कर ली. सुब्रत ने पुलिस को बताया ' घटना के पहले दिन उसे लगा था कि पुलिस उसे तुरंत गिरफ्तार कर लेगी. लेकिन जब नौकर विशाल ने अपने बयान में उसका नाम नहीं लिया तो वह खुद असमंजस में पड़ गया था.'

सुब्रत ने कहा कि उसे इस बात का गहरा पछतावा था कि उसकी वजह से बेकसूर शालू इस मामले में फंस गई है. इसीलिए बाद में उसने कत्ल की जिम्मेदारी खुद ले ली.

'पकड़े जाओ तो भाभी का नाम ले लेना'... नौकर विशाल का सनसनीखेज बयान

पूछताछ के दौरान नौकर विशाल के बयानों में भी बड़ा बदलाव आया है. विशाल ने पुलिस को बताया कि सुब्रत ने उससे साफ कहा था कि अगर वे पकड़े जाएं तो शालू (भाभी) का नाम ले लेना. विशाल के मुताबिक 'सुब्रत ने कत्ल को प्राकृतिक मौत जैसा दिखाने की योजना बनाई थी और वारदात वाले दिन उसे करीब 6 बार फोन किया था. कत्ल के दौरान विनीत मिनोचा की आंख खुल गई और उन्होंने दोनों को देख लिया. उनके शोर मचाने पर डर के मारे विशाल ने चाकू से उन पर हमला कर दिया.

संपत्ति और अवैध संबंधों का एंगल

नौकर विशाल ने पूछताछ में हत्या के पीछे की असली वजह संपत्ति का विवाद बताया है. विशाल का दावा है कि मृतक विनीत मिनोचा के कुछ महिलाओं से कथित अवैध संबंध थे और वे उन पर लाखों रुपये खर्च करते थे. इसके विपरीत सुब्रत को जेब खर्च के लिए बहुत सीमित पैसे मिलते थे. सुब्रत को डर था कि कहीं उसके पिता अपनी पूरी संपत्ति उन महिलाओं के नाम न कर दें. पुलिस अब इस वित्तीय और संपत्ति से जुड़े एंगल की गहनता से जांच कर रही है.

सुब्रत के कबूलनामे के बाद भी शालू जांच के घेरे में

हालांकि सुब्रत ने कत्ल का इल्जाम अपने सिर ले लिया है और विशाल के बयानों में भी शालू की सीधी भूमिका सामने नहीं आई है. लेकिन पुलिस ने फिलहाल शालू को क्लीन चिट नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के बयान लगातार बदल रहे हैं. इसलिए मौखिक बयानों पर भरोसा न करके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), फॉरेंसिक सबूतों और घटनाक्रम का मिलान किया जा रहा है. बयानों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

ये भी पढ़ें: आजमगढ़ में अरविंद सिंह यूं ही नहीं बना हत्यारा, 5 लोगों की मौत के पीछे की पूरी कहानी ये थी?