कानपुर विनीत मिनोचा हत्याकांड में आ गया बड़ा ट्विस्ट, बेटे विशाल ने कूबला पिता की हत्या का जुर्म, पत्नी को बताया बेकसूर

रंजय सिंह

• 10:31 AM • 24 Sep 2026

कानपुर के विनीत मिनोचा हत्याकांड में रिमांड पर पूछताछ के दौरान बेटे सुब्रत ने पिता की हत्या कबूल की. नौकर विशाल ने संपत्ति विवाद और कथित संबंधों का दावा किया. पुलिस शालू की भूमिका समेत कॉल डिटेल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है.

Vineet Minocha Murder Case Update

Vineet Minocha Murder Case Update

Google CTA

कानपुर के बहुचर्चित विनीत मिनोचा हत्याकांड में रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान कल्यानपुर थाने में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस कस्टडी में जब मृतक के बेटे सुब्रत, उसकी पत्नी शालू और नौकर विशाल को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला.

यह भी पढ़ें...

शुरुआत में पत्नी शालू पर कत्ल का आरोप मढ़ने वाले सुब्रत ने आखिरकार अपने पिता की हत्या का जुर्म खुद कबूल कर लिया. उसने दावा किया कि पत्नी को निर्दोष फंसाने के गिल्ट के कारण वह खुद यह जुर्म कबूल कर रहा है. वहीं दूसरी ओर नौकर विशाल के बयानों ने इस पूरी मर्डर मिस्ट्री में संपत्ति और अवैध संबंधों का एक नया और सनसनीखेज मोड़ ला दिया है.

आमने-सामने आते ही 20 मिनट तक रोती रही शालू

पुलिस ने जब सुब्रत और उसकी पत्नी शालू को आमने-सामने बैठाकर सवाल-जवाब शुरू किए तो पति को देखते ही शालू भावुक हो गई और फूट-फूटकर रोने लगी. वह करीब 20 मिनट तक लगातार रोती रही और यही दोहराती रही कि उसे नहीं पता कि ससुर विनीत मिनोचा को किसने मारा. लेकिन उसने यह कत्ल नहीं किया है. इस दौरान सुब्रत ने उससे कोई खास बात नहीं की और कुछ देर बाद अपना मुंह दूसरी तरफ घुमा लिया.

गिल्ट में आकर 4 बजे कबूला जुर्म

शुरुआती पूछताछ में सुब्रत लगातार अपनी पत्नी शालू को ही कत्ल का जिम्मेदार ठहरा रहा था. लेकिन जब उसे यकीन हो गया कि अब उसका जेल जाना तय है तो सुबह करीब 4 बजे उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली.

सुब्रत ने पुलिस को बताया कि 'कत्ल के पहले दिन उसे लगा था कि पुलिस उसे तुरंत पकड़ लेगी. लेकिन नौकर विशाल द्वारा उसका नाम न लिए जाने पर वह भ्रमित हो गया था.' सुब्रत ने कहा कि उसे इस बात का गहरा पछतावा (गिल्ट) था कि उसकी वजह से बेकसूर शालू इस मामले में फंस रही है. इसलिए उसने कत्ल की पूरी जिम्मेदारी अपने सिर ले ली.

'पकड़े जाओ तो भाभी का नाम ले लेना'... नौकर विशाल का सनसनीखेज दावा

नौकर विशाल ने रिमांड के दौरान अपना बयान बदलते हुए पुलिस के सामने बड़ा दावा किया है. विशाल के मुताबिक सुब्रत ने उससे कहा था कि कत्ल को इस तरह अंजाम दो जिससे मामला प्राकृतिक मौत लगे. सुब्रत ने विशाल को सख्त हिदायत दी थी कि अगर वे पकड़े जाएं तो पुलिस के सामने शालू भाभी का नाम ले लेना. वारदात वाले दिन सुब्रत ने विशाल को करीब 6 बार फोन किया था और वह काफी जल्दबाजी में बात कर रहा था. कत्ल के दौरान विनीत मिनोचा की आंख खुल गई और उन्होंने दोनों को देख लिया. उनके शोर मचाने पर डर के मारे विशाल ने उन पर चाकू से वार कर दिया.

संपत्ति और अवैध संबंधों का एंगल

विशाल ने पूछताछ में हत्या की साजिश के पीछे की असली वजह संपत्ति का विवाद बताया है. विशाल का दावा है कि मृतक विनीत मिनोचा के कुछ महिलाओं से कथित संबंध थे और वह उन पर लाखों रुपये खर्च करते थे. इसके विपरीत सुब्रत को जेब खर्च के लिए बहुत सीमित पैसे मिलते थे. सुब्रत को डर था कि कहीं उसके पिता अपनी पूरी जायदाद उन महिलाओं के नाम न कर दें. पुलिस अब इस वित्तीय और संपत्ति से जुड़े एंगल की गहनता से जांच कर रही है.

कबूलनामे के बावजूद शालू को नहीं मिली क्लीन चिट

हालांकि सुब्रत ने कत्ल का इल्जाम अपने सिर ले लिया है और शालू को बेकसूर बताया है. लेकिन पुलिस ने शालू को फिलहाल क्लीन चिट नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के बयान लगातार बदल रहे हैं. इसलिए केवल मौखिक कबूलनामे पर भरोसा न करके कॉल डिटेल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक साक्ष्यों और घटनाक्रम का वैज्ञानिक मिलान किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही शालू की भूमिका पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: क्या राज्यसभा चुनाव में तय हो जाएगा अखिलेश यादव और पल्लवी पटेल का गठबंधन?