कानपुर में पत्नी निर्मला के लिए दवा लेने गए थे रिटायर्ड टीचर हरेंद्र सिंह, जब लौटे तो अंदर का नजारा देख रह गए सन्न

Kanpur Crime News: कानपुर के कल्याणपुर में रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी निर्मला सिंह की उनके ही घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई. बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए. सीसीटीवी में संदिग्ध कैद हुआ है। पुलिस ने नौकरानी और मैकेनिक को हिरासत में लिया है.

Kanpur Crime News

सिमर चावला

24 Apr 2026 (अपडेटेड: 24 Apr 2026, 12:52 PM)

follow google news

Kanpur Crime News: कानपुर के कल्याणपुर इलाके में गुरुवार दोपहर एक रिटायर्ड शिक्षक हरेंद्र कुमार सिंह की पत्नी निर्मला की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई. पति के दवा लेने बाहर जाते ही शातिर बदमाश घर में घुस आए और महिला का गला घोंटने के साथ-साथ धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद आरोपी घर से नकदी और कीमती जेवर लूटकर बड़ी आसानी से फरार हो गया. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

यह भी पढ़ें...

पति लौटे तो मिला शव

घटना आवास विकास-1 की है जहां 53 साल की निर्मला सिंह अपने रिटायर्ड पति हरेंद्र कुमार सिंह के साथ रहती थीं. दोपहर में जब हरेंद्र कुमार अपनी पत्नी के लिए दवा लेने बाहर गए थे तभी पीछे से हमलावर घर में दाखिल हुआ. करीब एक घंटे बाद जब पति वापस लौटे तो मेन गेट खुला था और पत्नी का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था. अलमारियां टूटी हुई थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था जिससे साफ था कि हत्या का मकसद लूटपाट था.

सीसीटीवी ने खोला राज

मामले की जांच कर रही पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिले हैं. फुटेज में दोपहर 1:16 बजे एक संदिग्ध युवक भगवा गमछा ओढ़े घर में घुसता दिख रहा है. करीब 55 मिनट बाद दोपहर 2:10 बजे वह बाहर निकलते हुए दिखाई दिया. हैरान करने वाली बात यह है कि घर में घुसते समय वह खाली हाथ था. लेकिन निकलते वक्त उसके पास एक बैग था. पुलिस एक अन्य महिला की संदिग्ध भूमिका की भी जांच कर रही है.

पुलिस की हिरासत में नौकरानी और मैकेनिक

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है. उन्होंने कहा कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच हो रही है. वारदात से ठीक पहले नौकरानी घर से निकली थी और घर में एसी सर्विस के लिए मैकेनिक भी आए थे. संदेह के घेरे में होने के कारण नौकरानी और दोनों मैकेनिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या वारदात में घर के किसी करीबी या काम करने वालों का हाथ है. फिलहाल पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस हत्या और लूट का पर्दाफाश किया जाएगा.