कानपुर में रिटायर्ड दरोगा के बेटे प्रदीप सिंह को पार्क में बुलाकर दबंगों ने किया खौफनाक कांड, हर कोई कांप गया

Kanpur Crime News: कानपुर में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया. रिटायर्ड दरोगा के बेटे प्रदीप सिंह को पार्क में बुलाकर गोली मार दी गई. पेट में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत कई लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है.

Kanpur Crime News:सांकेतिक तस्वीर

Kanpur Crime News:सांकेतिक तस्वीर

सिमर चावला

• 05:51 PM • 19 Jun 2026

follow google news

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुरानी रंजिश को लेकर प्रदीप सिंह नाम के एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है. वारदात का शिकार हुआ प्रदीप एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का बेटा है. हमलावरों ने युवक को बातचीत के बहाने पार्क में बुलाया और होली के पुराने विवाद को लेकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली युवक के पेट को चीरती हुई आर-पार निकल गई. लहूलुहान हालत में उसे सर्वोदय नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

बीमार ताऊ को देखने आया था कानपुर

पीड़ित परिवार के मुताबिक, मूल रूप से गाजीपुर जिले के रहने वाले रिटायर्ड दरोगा रविंद्र सिंह अपने परिवार के साथ कानपुर के आवास विकास-3 इलाके में रहते हैं. उनका बेटा प्रदीप सिंह हैदराबाद में एक नामी कैब कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करता है. प्रदीप हाल ही में अपने बीमार ताऊ का हालचाल जानने और उनसे मिलने के लिए कानपुर आया हुआ था.

पार्क में बुलाया और फिर किया अटैक

आरोप है कि मंगलवार की रात क्षेत्र के कुछ दबंग युवकों ने पुरानी रंजिश के तहत साजिश रची. उन्होंने प्रदीप को बातचीत का झांसा देकर इलाके के ही एक पार्क में बुलाया. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, पार्क में पहुंचने पर आरोपियों ने होली के त्योहार के दौरान हुए एक पुराने विवाद को लेकर प्रदीप से गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी मारपीट में बदल गई. इसी बीच एक आरोपी ने कमर से अवैध तमंचा निकाला और प्रदीप पर सीधे फायरिंग कर दी.

हमलावर द्वारा चलाई गई पहली गोली प्रदीप के पास से गुजर गई और निशाना चूक गया. इसके बाद आरोपी ने तुरंत दूसरी गोली दागी जो सीधे प्रदीप के पेट में जा लगी और शरीर के पार निकल गई. गोली चलते ही पार्क में भगदड़ मच गई और मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल प्रदीप को तुरंत सर्वोदय नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है.

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. कल्याणपुर पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की ओर से मिली लिखित तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.