Kanpur News: गंगा एक्सप्रेसवे पर मिली युवती की लाश के मामले में कानपुर पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, कानपुर की रहने वाली युवती की हत्या कर उसकी लाश सैकड़ों किलोमीटर दूर बुलंदशहर में गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) के पास फेंकी गई था. इस मामले में एक अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम और उसके साथी विवेक पटेल से पुलिस ने पूछताछ की है. पुलिस का दावा है कि दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है. डीसीपी ने बताया कि हमारी एक टीम बुलंदशहर गई है और इन दोनों को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा केस?
बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही इलाके में रहने वाली युवती 25 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. युवती की मां की शिकायत पर अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम और विवेक पटेल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
हत्यारों ने खूब दौड़ाया दिमाग
जांच के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की. विवेक पटेल ने 28 मई को अपने पेट में खुद गोली मारकर उन्नाव में शिकायत दर्ज कराई और अस्पताल में भर्ती हो गया. वहीं, देवकांत उत्तम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया. इतना ही नहीं, वह वकीलों की टीम के साथ खुद बर्रा थाने भी पहुंच गया.
कैसे खुला राज?
मामले की जांच के दौरान पुलिस को उन्नाव में गार्ड अजीत सिंह से अहम जानकारी मिली. पूछताछ में उसने बताया कि देवकांत और विवेक ने युवती की हत्या कर लाश को बुलंदशहर में फेंक दिया था. इसके बाद कानपुर पुलिस ने जानकारी जुटाई तो बुलंदशहर में एक युवती की लाश मिलने की पुष्टि हुई. लाश की हालत काफी खराब थी और उसका पोस्टमार्टम कराया जा चुका था.
डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पूछताछ में विवेक पटेल ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर मिली जानकारी की जांच की जा रही है. पुलिस की एक टीम बुलंदशहर भेजी गई है और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है. मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









