'मैं ठाकुर हूं मुझसे... मत करना' बयान से चर्चा में आईं कानपुर की बैंककर्मी आस्था सिंह के साथ ई-रिक्शा में हुई छेड़छाड़!

कानपुर में सोशल मीडिया पर चर्चित बैंककर्मी आस्था सिंह ने ई-रिक्शा में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया है. आस्था का दावा है कि विरोध करने पर उन्होंने युवक को थप्पड़-मुक्का मारा. कानपुर पुलिस ने शिकायत दर्ज कराने को कहा है.

Astha Singh

यूपी तक

• 09:55 AM • 04 Jun 2026

follow google news

कानपुर में सोशल मीडिया पर चर्चा में रह चुकी बैंककर्मी आस्था सिंह ने एक वीडियो जारी कर ई-रिक्शा में सफर के दौरान एक युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि यात्रा के दौरान युवक ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकत की, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही विरोध जताया और उसे थप्पड़ व मुक्का मारकर वहां से भगा दिया.

यह भी पढ़ें...

वीडियो में बताई घटना की पूरी कहानी

करीब दो मिनट के वीडियो में आस्था सिंह ने बताया कि वह बैंक से निकलकर मेट्रो स्टेशन जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं. उनके अनुसार, रिक्शा में एक महिला उनके बगल में बैठी थी जबकि एक युवक सामने बैठा था. कुछ समय बाद उन्हें युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. उनका आरोप है कि पहले युवक का पैर उनकी ओर बढ़ा और फिर उसने उन्हें अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की. आस्था का कहना है कि जब उन्हें स्थिति का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी और युवक को धक्का देते हुए थप्पड़ व मुक्का मारा.

विरोध के बाद मौके से चला गया युवक

आस्था सिंह के मुताबिक, विरोध करने पर युवक ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उनसे ही बहस शुरू कर दी.  उन्होंने दावा किया कि घटना के बाद युवक वहां से निकल गया. आस्था ने उसका एक छोटा वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वीडियो में आस्था सिंह ने घटना का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की और लोगों से सतर्क रहने की अपील की. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. 

पुलिस ने शिकायत देने को कहा

मामला सामने आने के बाद कानपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी. पुलिस ने आस्था सिंह से संबंधित थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने और घटना का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी सुर्खियों में आ चुकी हैं आस्था सिंह

गौरतलब है कि आस्था सिंह इससे पहले बैंक में हुए एक विवाद के बाद चर्चा में आई थीं. उस मामले में एक पूर्व कर्मचारी और उसके पति के साथ कहासुनी के दौरान उनका 'मैं ठाकुर हूं मुझसे... मत करना' वाला बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. अब ई-रिक्शा में कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाने के बाद वह एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई हैं.