कानपुर में BSF भर्ती परीक्षा रद्द, सर्वर खराबी और धांधली के आरोप लगाकर छात्रों ने किया गया हंगामा, अब आगे क्या होगा?

रंजय सिंह

• 02:21 PM • 02 Sep 2026

कानपुर में BSF भर्ती परीक्षा के बीच अभ्यर्थियों ने हंगामा किया. इसके बाद तीनों शिफ्ट की परीक्षा रद्द कर दी गई. अब परीक्षा 18 सितंबर को दोबारा होगी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

BSF recruitment exam cancelled

BSF recruitment exam cancelled

Google CTA

देशभर में नीट (NEET) परीक्षा को लेकर मचे घमासान और सुप्रीम कोर्ट द्वारा छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के आदेश के बीच उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है. कानपुर के चकेरी स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर सीमा सुरक्षा बल यानी BSF की भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. परीक्षा के बीच ही छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. अभ्यर्थियों ने पेपर लीक, सिस्टम बार-बार बंद होने और परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल से नकल कराने का गंभीर आरोप लगाया है. हंगामे और बढ़ते बवाल को देखते हुए पुलिस-प्रशासन और परीक्षा कराने वाली संस्था ने तीनों शिफ्ट की परीक्षा को रद्द कर दिया है. अब यह परीक्षा 18 सितंबर को दोबारा आयोजित कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें...

पहली शिफ्ट में ही बंद हुए सिस्टम

कानपुर के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर BSF भर्ती परीक्षा का आयोजन तीन शिफ्टों में होना था. लेकिन पहली ही शिफ्ट में परीक्षा शुरू होते ही अव्यवस्थाएं हावी हो गईं. परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान दो से तीन बार उनके कंप्यूटर सिस्टम अपने आप बंद हो गए. जबकि केंद्र पर मौजूद एक-दो चुनिंदा छात्रों के सिस्टम लगातार चल रहे थे और वे मोबाइल देखकर पेपर हल कर रहे थे. इसी बात को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने धांधली का आरोप लगाते हुए केंद्र के भीतर ही विरोध शुरू कर दिया.

सेंटर के बाहर जोरदार नारेबाजी

दोपहर होते-होते दूसरी और तीसरी शिफ्ट के अभ्यर्थी भी परीक्षा केंद्र पर पहुंचने लगे. पहली शिफ्ट के छात्रों द्वारा धांधली और सर्वर फेलियर की बात सुनकर बाकी परीक्षार्थी भी भड़क उठे. देखते ही देखते केंद्र के बाहर सैकड़ों छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति बेकाबू होते देख परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी.

परीक्षा रद्द करने का नोटिस

सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और आला अधिकारी पहुंचे. पुलिस प्रशासन ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी और सेंटर संचालकों से बातचीत की. हंगामे के बीच प्रबंधन ने केंद्र के बाहर तीनों शिफ्ट की परीक्षा निरस्त करने का नोटिस चस्पा कर दिया. हालांकि उग्र छात्र केवल नोटिस से संतुष्ट नहीं थे और लिखित रूप में आधिकारिक पुष्टि व अगली तारीख की मांग पर अड़े रहे.

18 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा

मामले पर जानकारी देते हुए एडीसीपी शिव सिंह ने बताया कि सेंटर पर बीएसएफ की परीक्षा आयोजित की जा रही थी जिसमें कुछ छात्रों ने तकनीकी गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायत कर हंगामा किया. पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया.

एडीसीपी के अनुसार, परीक्षा कराने वाली एजेंसी द्वारा ई-मेल के माध्यम से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है. अब यह परीक्षा 18 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी. पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है.